15 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जीत के जश्न में बरसाए फूल, फिर भाजपाइयों ने लगाई झाड़ू

दीनदयाल भवन पर गुजरात चुनाव को लेकर मना जश्न, ढोल-ढमाकों के साथ आतिशबाजी, मिठाई बांटी  

2 min read
Google source verification
जीत के जश्न में बरसाए फूल, फिर भाजपाइयों ने लगाई झाड़ू

जीत के जश्न में बरसाए फूल, फिर भाजपाइयों ने लगाई झाड़ू

इंदौर। गुजरात विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद इंदौर भाजपा कार्यालय पर जमकर जश्न मनाया गया। ढोल बजे, आतिशबाजी हुई और उत्सव मनाते कार्यकर्ताओं पर फूल बरसाए गए। कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क की साफ-सफाई करके स्वच्छता का आदर्श उदाहरण भी पेश किया।

भाजपा संगठन की प्रयोगशाला कहे जाने वाले गुजरात में विधानसभा चुनाव के परिणाम आ गए, जिसमें पार्टी ने एकतरफा जीत हासिल की। 182 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा ने 156 पर झंडे गाड़े, जो आज तक के इतिहास का सबसे बड़ा आंकड़ा है। लगातार सरकार होने के बावजूद गुजरात के परिणाम ने भाजपाइयों में जोश भरने का काम किया, जबकि हिमाचल प्रदेश और दिल्ली नगर निगम का चुनाव पार्टी हार गई। दूसरे परिणामों को भुलाकर इंदौर के भाजपाइयों ने गुजरात की प्रचंड जीत का जश्न दीनदयाल भवन में मनाया।

परिणाम आने के बाद बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ताओं के कार्यालय पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। विजय उत्सव में कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराया गया। सभी एक-दूसरे को बधाई दे रहे थे। आतिशबाजी के दौरान ढोलक की थाप पर भाजपा की महिला नेत्रियों ने गरबा किया। दीनदयाल भवन में अध्यक्ष के कमरे से फूलों की पंखुड़ी और भाजपाई रंग की पेपर कतरनें बरसाई गईं। कुछ ही देर में माहौल जबर्दस्त हो गया।
उत्सव के दौरान अंजू माखीजा, सुधीर कोल्हे, सविता अखण्ड, संदीप दुबे, अंजू माखीजा, प्रकाश राठौर, दीपक जैन, अनिता व्यास, ऋषिसिंह खनूजा, सुमित मिश्रा, सौगात मिश्रा, शैलजा मिश्रा, दिनेश वर्मा, असलम शेख सहित बड़ी संख्या में पार्षद मौजूद थे। आयोजन के बाद खनुजा ने तुरंत बोल दिया कि हमने उत्सव मना लिया है लेकिन सफाई की जिम्मेदारी भी हमारी है। ये बात सभी को समझ में आ गई। तुरंत सक्रिय होकर सभी कचरा साफ करने में जुट गए। भाजयुमो नगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने झाड़ू लेकर कचरा इकट्ठा किया तो महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने उसे कूड़ेदान में डाला।

37 में से 35 पर जीत
गुजरात चुनाव में मध्यप्रदेश भाजपा के भी सौ से अधिक नेता काम पर लगे थे, जिनका नेतृत्व प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती कर रहे थे। उन्हें मध्य गुजरात की जिम्मेदारी दी गई थी, जिसमें सात जिले और 37 विधानसभाएं आती हैं। इनमें से भाजपा ने 35 सीट जीत ली। चौंकाने वाली बात ये है कि अधिकतर जीत पर भाजपा के प्रत्याशी को बंपर वोट मिले। दो सीट हारे, जिसको लेकर जिराती ने पहले ही गुजरात के संगठन को सतर्क कर दिया था। बाकी जगहों पर उन्होंने जमकर मेहनत की। इंदौर से काम पर लगने वालों में अनंत पंवार, लोकेंद्र सिंह राठौर, नारायण पटेल, नानुराम कुमावत और राजेश आजाद प्रमुख थे।