
साइकिल पर बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, अनोखी शादी की हर तरफ हो रही चर्चा
वैसे आमतौर पर आपने अबतक घोड़े, हाथी या बग्घी पर दूल्हे बारात ले जाते देखा होगा। लेकिन, इन दिनों अपनी शादी के मौके को खास बनाने के लिए दूल्हा-दुल्हन कुछ अलग हटकर करते भी दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में कहीं दूल्हा हेलीकॉप्टर में दुल्हनिया लेने जाता है तो कहीं दुल्हन ही बारातियों के साथ बाजे-गाजे पर नाचती-गाती अपने दूल्हे के पास जाती दिखाई देने लगी है। ठीक इसी तरह अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए एक दूल्हा पूरी बारात साइकिल पर लेकर पहुंचा है। जी हां इंदौर में ऐसी ही एक अनोखी शादी की चर्चा आम है, जिसका सिर्फ दूल्हा ही नहीं, बल्कि बारात में शामिल 80 बाराती साइकिल पर सवार होकर बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचे।
इस बारात की कुछ तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर भी खासा वायरल हो रही हैं। दरअसल, पर्यावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वाधवानी परिवार ने ये अनोखी बारात साइकिल पर निकाली है इस बारात में दूल्हा तो साइकिल पर सवार होकर अपनी दुल्हनिया लेने निकला ही था, साथ ही उसके साथ जाने वाले अन्य बाराती भी साइकल पर सवार होकर ही विवाह स्थल पर पहुंचे।
दूल्हा ने अपने पिता के सामने रखी इच्छा
बता दें कि, ये अनोखी बारात इंदौर शहर के लालबाग गार्डन से खालसा गार्डन खातीवाला टैंक तक निकली। इसे 'मिनी बारात' नाम दिया गया। जानकारी के अनुसार, तेजाजी नगर इलाके के लिंबूदी के रहने वाले अनमोल वादवानी का विवाह इंदौर के खातीवाला टैंक की रहने वाली डिंपल के साथ हुआ है। शहर में चर्चा का विषय बनी ये शादी 11 जून को हुई है। शादी को यादगार बनाने के लिए दूल्हे ने परिवार के सामने इच्छा रखी कि, वो साइकिल पर सवार होकर अपनी दुल्हनिया को लेने जाएगा।
पूरी बारात ने जताई रजामंदी
इस संबंध में दूल्हे के पिता प्रदीप वादवानी का कहना है कि, जब उन्होंने बेटे की ये बात सुनी तो उन्हें भी अच्छा लगा। उन्होंने सोचा कि, शादी तो हो ही रही है, पर बेटे की इच्छा के अनुसार, पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी लोगों को दिया जा सकता है। ऐसे में पिता ने रजामंदी जताते हुए बाकी बारातियों से इस संबंध में चर्चा की। इसके बाद सभी ने तय किया कि, वो अनमोल की बारात साइकिल पर सवार होकर शादी स्थल तक पहुंचेंगे।
दूल्हे की हर तरफ हो रही तारीफ
दरअसल, पर्यावरण सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए दूल्हे ने यह निर्णय लिया। दूल्हा चाहता था कि, इस तरह समाज में ये संदेश जाए कि, हमें सफर के लिए पेट्रोल-डीजल की गाड़ियों की बजाय साइकिल का इस्तेमाल करना चाहिए, जिससे हमारा शरीर तो स्वस्थ रहे ही पर्यावरण को भी कोई नुकसान न पहुंचे। फिलहाल, लोगों को दूल्हे का ये अनोखा ्ंदाज इतना पसंद आ रहा है कि, हर जगह उसकी तारीफ हो रही है।
Published on:
12 Jun 2023, 8:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.