
न जाएं कोलंबिया या कैरेबियन द्वीप, इंदौर में देखें राइनो इगुआना व टॉप टेमरीन
इंदौर. जिन शहरवासियों की पशु-पक्षियों में दिलचस्पी है, उनके लिए खुशखबरी है। साउथ कोलंबिया के एक हिस्से में ही पाए जाने वाले कॉटन टॉप टेमरिन और कैरेबियन द्वीप में पाए जाने वाली राइनो इगुआना अब इंदौर में देख सकेंगे। इनके साथ 12 प्रजाति के 45 पशु-पक्षी इंदौर चिडि़याघर लाए गए हैं। ये पशु-पक्षी प्रदेश में और कहीं नहीं हैं।
इंदौर चिडि़याघर ने जामनगर जूलॉजिकल पार्क के साथ एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू किया था। इसके तहत इंदौर से बाघ, शेर सहित अन्य पशु दिए गए। इनके बदले जामनगर से पशु-पक्षियों की तीसरी खेप बुधवार और गुरुवार रात इंदौर पहुंची। इनमें इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया, घाना में पाई जाने वाली छोटी चिडि़याओं के साथ अन्य पशु हैं। जामनगर से बुधवार सुबह इन्हें इंदौर भेजा गया था। उनके साथ डॉक्टरों का एक दल भी इंदौर आया है। तेज गर्मी के चलते पूरे समय पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता रहा।
सात दिन बाद देख सकेंगे
इन पशुओं को करीब सात दिन आइसोलेशन (अलग) में रखकर स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद जनता के लिए पिंजरों में शिफ्ट करेंगे। जामनगर से 10 प्रजातियों के पशु और आएंगे। इनमें 2 प्रायमेट, 1 स्नैक, 1 कछुआ और अन्य प्रजातियों के पक्षी शामिल हैं।
ये पशु-पक्षी आए
-दो कोलंबियन कॉटन टॉप टेमरिन
- दो राइनो इगुआना- दो बॉल पाइथन
- दो दक्षिण अफ्रीकी मीयरकेट (छोटे नेवले)
- एक मार्मोसेट
- दो ब्लैक टफ्टेड मार्मोसेट- 10 ऑस्ट्रेलियन आउल फिंच
- 10 गोल्डन फिंच
- 10 लांग टेल फिंच- 10 कट थ्रोट फिंच
- दो इंडोनेशियन चैटरिंग लारी
- दो रेड लारी
ओल्ड-न्यू वर्ल्ड मंकी का पूरा कुनबा
कॉटन टॉप टेमरिन के आने पर इंदौर में न्यू वर्ल्ड मंकी की बड़ी रेंज बन गई है। इंदौर प्रदेश का एकमात्र चिडि़याघर है, जिसमें ओल्ड वर्ल्ड मंकी के साथ न्यू वर्ल्ड मंकी की अलग-अलग प्रजातियां हैं। यहां ओल्ड वर्ल्ड मंकी में आने वाले लंगूर और रीसेल मकाउ तो पहले से थे, लेकिन अब कॉटन टॉप टेमरिन, गलेगो (बुशबेबीज), मार्मोसेट के चलते न्यू वर्ल्ड मंकी की 5 से ज्यादा प्रजातियां देखी जा सकती हैं।
एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत जामनगर से लाए गए नए पशु-पक्षियों को फिलहाल अलग रखा जाएगा। जल्द ही इन्हें दर्शकों के लिए पिंजरों में छोड़ेंगे।
- डॉ. उत्तम यादव, प्रभारी, चिडि़याघर
Published on:
12 May 2023 06:01 pm

