
इंदौर. पिछले दिनों देश के उद्योगों के विकास और परेशानियों को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश के चुनिंदा आठ उद्योगपति से दिल्ली में मुलाकात की थी। इनमें इंदौर के उद्योगपति संजय पटवर्धन भी शामिल थे। उनके द्वारा दिए गए सुझाव पर गांधी ने मप्र के मुख्यमंत्री कमलनाथ को चर्चा करनेे के लिए निर्देशित किया था। शनिवार को कमलनाथ ने पटवर्धन को इस सिलसिले में भोपाल बुलाया था। बैठक के बाद पत्रिका से चर्चा में पटवर्धन ने बताया उद्योगों के लिए आरक्षित जमीनों को फ्री होल्ड करने व उद्योगों में होने वाली दुर्घटनाओं के दौरान उद्योगपतियों के खिलाफ पुलिस द्वारा की जा रही भादवि की धारा 304 की कार्रवाई को लेकर चर्चा की। पटवर्धन का कहना था इस धारा में केस दर्ज करने पर उद्योगपति को जमानत भी नहीं मिलती है, यदि इसके स्थान पर धारा ३०४ ए में केस दर्ज हो तो जांच भी प्रभावित नहीं होगी और उद्योगपति भी परेेशान नहीं होगा। यदि दुर्घटना में उद्योगपति की गलती पाई जाती है तो पुलिस ३०४ में गिरफ्तारी कर सकती है। उन्होंने बताया दोनों ही मुद्दों पर कमलनाथ ने सकारात्मक संकेत दिए हैं। मुलाकात के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल भी उपस्थित थे।
Updated on:
10 Mar 2019 03:45 pm
Published on:
10 Mar 2019 03:44 pm
