पार्षद पति ने अफसरों से सवाल किए तो वे कन्नी काटते रहे
इंदौर. ऑक्सीजोन के लिए शहर में लाखों पौधे रोपे जा रहे हैं तो वहीं एसडीएम व तहसीलदार जैसे अफसरों की मौजूदगी नगर निगम की टीम हरे-भरे विशालकाय पेड़ों का कत्ल कर रही है। पेड़ों की कटाई की जानकारी पर पार्षद पति मौके पर पहुंचे और जिम्मेदारों से सवाल किए तो वे जवाब नहीं दे सके। बात बढ़ी तो मौके से चलते बने।
बुधवार को किला मैदान के सामने गुटकेश्वर महादेव मंदिर से लगी जमीन पर नगर निगम के उद्यान विभाग की टीम सुबह 7 बजे पहुंची और कटर से आधा दर्जन से अधिक पेड़ काट दिए। आसपास के रहवासियों ने पार्षद भावना मिश्रा को इसकी जानकारी दी तो उनके पति व पूर्व पार्षद मनोज मिश्रा कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने पेड़ कटाई रोकने के साथ अफसरों से सवाल किए तो वे कन्नी काटते नजर आए। मिश्रा ने आरोप लगाया कि बाहुबली के इशारे पर 100 साल पुराने पेड़ों की हत्या की जा रही है। जब अफसर नहीं माने तो मिश्रा ने भाजपा के नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे से बात की। रणदिवे ने आला अधिकारियों से चर्चा की, जिसके बाद निगम की टीम को उल्टे पैर लौटना पड़ा। गौरतलब है कि शासन ने पिछले दिनों गाडराखेड़ी सर्वे नंबर 215/2, 216/1, 217/3, 218/2 व 219/2 की जमीन नीलाम की थी, जिसे वर्चुओसो इंफ्रा मेडिटेक एलएलपी ने खरीदी।
अनुमति पर सवाल, अफसर लाजवाब
मिश्रा: पेड़ क्यों काट रहे हो, आप लोग कौन हैं?
निगमकर्मी: मैं उद्यान विभाग का सहायक दरोगा हूं। नगर निगम की टीम है।
मिश्रा: बारिश में शहरभर में पौधे लगा रहे हैं और आप हरे-भरे पेड़ काट रहे हो?निगमकर्मी: मौन
मिश्रा: किसके आदेश से ये पेड़ काट रहे हो, अनुमति कहां है?
निगमकर्मी: हमें बड़े अफसरों ने निर्देश दिए हैं।
मिश्रा: कौन हैं बड़े अफसर?निगमकर्मी: मौन
मिश्रा: किसी बाहुबली के कहने पर सावन में बेलपत्र, नीम, पीपल, बरगद और चंदन के पेड काट दिए हैं?
निगमकर्मी: हम तो आदेश का पालन कर रहे हैं।
मिश्रा: आप तो एसडीएम और तहसीलदार हो, आपका नाम?एसडीएम: विनोद राठौर।
मिश्रा: आप खड़े रहकर इतने बड़े पेड़ कैसे कटवा रहे हैं?
एसडीएम राठौर: हम नहीं कटवा रहे, निगम काट रहा है।
मिश्रा: इसका अर्थ है कि आप पेड़ काटने वालों की सुरक्षा के लिए खड़े हैं?एसडीएम राठौर: मौन।
मिश्रा: मुख्यमंत्री रोज एक पेड़ लगा रहे हैं और आप पेड़ कटवा रहे हो?
तहसीलदार (सतेंद्र सिंह गुर्जर): शासन ने जमीन की नीलामी की है।
मिश्रा: जमीन बेचने के साथ पेड़ काटने की भी छूट दी गई है क्या?तहसीलदार गुर्जर: पेड़ हम नहीं काट रहे हैं।
मिश्रा: बड़े पद पर बैठकर अच्छा काम कर रहे हो?
तहसीलदार गुर्जर: मौन।