इंदौर

पहले बदमाशों को ड्रग एडिक्ट बनाते, फिर उनकी पत्नी व अन्य महिलाओं से बिकवा रहे नशा

-मंदसौर-प्रतापगढ़ का बदमाशों का नया तरीका-स्थानीय तस्कर ने चार हिस्सों में बनाए एजेंट

2 min read
Nov 03, 2022
drugs

इंदौर। शहर में नशा फैलाने के लिए प्रतापगढ़ (राजस्थान) व मंदसौर के लोग योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहे हैं। स्थानीय तस्कर के साथ मिलकर पहले वे बदमाश को नशा उपलब्ध कराकर ड्रग एडिक्ट बनाते हैं और फिर उनकी पत्नी व परिवार के अन्य लोगों को साथ लेकर नशा बिकवाने लगते हैं।

दंपती को नशा उपलब्ध कराने वाले इनके साथी ने शहर में चार हिस्सों में एजेंट तैनात कर रखे हैं, जो नशा बिकवाते हैं। संयोगितागंज पुलिस ने हाल ही में बाइक चोरों को पकड़ा तो पता चला कि वे मादक पदार्थ का नशा करते हैं और नशे के लिए गाड़ी चोरी कर बेचते हैं। गिरोह का सरगना रिजवान था। रिजवान को पकड़ा तो उसने बाबू उर्फ कृष्णा से नशा लेकर बेचना कबूल किया। कृष्णा को पकड़ा तो पता चला कि चंदननगर की चाची से स्मैक खरीद रहा है। उसकी निशानदेही पर रानी और उसके पति अब्दुल जब्बार को पकड़ा तो नशे की पुड़िया मिली।

अपराधी किस्म के लोगों को टारगेट

आरोपी अपराधी किस्म के लोगों को टारगेट करता है। पहले इन बदमाशों से नजदीकी गांठकर फ्री में मादक पदार्थ देकर उसे ड्रग एडिक्ट बना देते हैं। जब नशे की लत लग जाती है तो उसे पूरा करने बदमाश व उसकी पत्नी को निशाना बनाते हैं। पत्नी इनके कहने पर नशा बेचने के लिए तैयार होती है, परिवार की अन्य महिलाएं भी शामिल हो जाती हैं।

आरोपियों की तलाश जारी

तुकोगंज इलाके में टीआइ काजी ने ही बदमाश व उसकी पत्नी को पकड़ा तो पता चला था कि मंदसौर का वसीम लाला नशा बिकवा रहा। वसीम को आरोपी बनाया गया। एमआइजी मेें पब-बार में नशा सप्लाय करने वाले अदनान को प्रतापगढ़ का फिरोज लाला ड्रग देता था। फिरोज पर इनाम घोषित है। आजादनगर में नशा बेचने के मामले में मंदसौर के अमजद लाला की तलाश है। पुलिस शहजाद बोस की तलाश कर रही है।

पूरे प्रदेश में अफीम, ब्राउन शुगर, स्मैक सप्लाय

टीआइ तहजीब काजी के मुताबिक, रानी के पति अब्दुल जब्बार के पूर्व के केस भी सामने आए है। आरोपियों से पूछताछ में मंदसौर-प्रतापगढ़ की गैंग की बात पता चली। वहां के बदमाश आपस में रिश्तेदार हैं जो पूरे प्रदेश में अफीम, ब्राउन शुगर, स्मैक सप्लाय करते हैैं। दंपती से पता चला कि वे शहजाद बोस से ड्रग लेते हैं। शहजाद मंदसौर-प्रतापगढ़ के तस्करों के लिए काम करता है। उसके खजराना, चंदननगर में 3-4 मकान हैं, अलग अलग ठिकाने बना रखे हैं। उसने शहर के चार हिस्सों में अपने एजेंट बनाए हैं।

Published on:
03 Nov 2022 01:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर