1 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लाचार बना सकती है गर्दन की मालिश

नुकसानदेह है फेशियल के लिए गर्दन लटकाकर रखना

2 min read
Google source verification
health tips

massage on neck

इंदौर. क्या आप भी शेविंग या कटिंग करवाने के बाद अपने नाई से गर्दन व शरीर की मसाज करवाते हैं, अगर हां तो सतर्क हो जाइए। आपके नाई द्वारा की जाने वाली मालिश आपको जिंदगीभर के लिए लाचार भी बना सकती है। डॉक्टरों के पास ऐसे कई मामले पहुंच रहे हैं, जिनमें गर्दन में मालिश और फेशियल के लिए लंबे समय तक सिर लटकाकर रखना नुकसान साबित हुआ है।

गर्दन के मामलों में तो कुछ दिन बाद पता चलता है कि यह मालिश के दुष्परिणाम हैं। गर्दन की मालिश से नसों में लकवा होने के साथ ही गर्दन की हड्डियां टूटने का डर बना रहता है। कई लोगों की आदत होती है हर बार शेविंग या कटिंग के दौरान गर्दन की मालिश करवाते हैं। नाई भी वाहवाही के चक्कर में जब तक गर्दन से आवाज न आए, जोर लगाता रहता है।

फेशियल के बाद सीधे पहुंची अस्पताल
शहर के एकमात्र पेन स्पेशलिस्ट और जाने माने डॉ. प्रवेश कांठेड़ बताते हैं कि कुछ महीने पहले चोइथराम हॉस्पिटल में ही उनके पास एक महिला पेशेंट आई थी। वह कहीं फेशियल कराने गई थी, एक से डेढ़ घंटे तक उसने सिर लटकाकर रखा जिससे उसकी शरीर से ब्रेन में खून ले जाने वाली नस पर असर हुआ और वह कोमा में चली गई। 20 दिन से अधिक समय तक वह आईसीयू में रही थी। लोगों को जानकारी नहीं होती तथा नाई और फेशियल करने वालों को शरीर की संरचना नहीं पता होती, जिससे इस तरह के हादसे होते हैं। हमारे पास कई मरीज इस तरह के आते हैं।

स्लिपडिस्क के लिए मालिश भी नुकसानदेह
डॉ. कांठेड़ बताते हैं कि लोग स्लिपडिस्क की समस्या होने पर भी मालिश वालों के पास चले जाते हैं, जबकि यह साइंटिफिक नहीं है। कई बार स्लिपडिस्क में समस्या होने पर 4 से 6 सप्ताह में स्वत: ही ठीक हो जाती है। ऐसे में लोग जबरन मसाज करवाकर तकलीफ और बढ़ा लेते हैं। पहले जब डॉक्टरों तक पहुंच दूर थी और चिकित्सकीय सुविधाओं की कमी थी तब लोग यह विकल्प मजबूरी में अपनाते थे, लेकिन अब सब आसान है।

गर्दन की मालिश बेहद खतरनाक
डॉ. कांठेड़ बताते हैं कि गर्दन की मालिश तो और भी खतरनाक होती है। गले में 7 हड्डियां होती हैं। मालिश के दौरान आवाज लाने के चक्कर में इन्हें ताकत लगाकर दबाया और मसला जाता है जो इनके लिए हानिकारक है। कई बार इन्हें चटकाया भी जाता है जिसके चलते इनके अंदर से जा रहा मेरूदंड चोटिल हो जाता है। इससे शरीर का निचला हिस्सा काम करना बंद कर देता है। कई बार लोगों को इससे लकवा भी हो जाता है।