मुख्य कार्यक्रम देवगुराडि़या पहाड़ी पर हुआ। राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, महापौर मालिनी गौड़, जिला पंचायत अध्यक्ष कविता पाटीदार, आईडीए अध्यक्ष शंकर लालवानी, कलेक्टर निशांत वरवड़े, डीआईजी हरिनारायणाचारी मिश्रा सहित सभी विधायकों ने कार्यक्रम में शिरकत की। कलेक्टर के मुताबिक, पौधरोपण कार्य के दो हिस्से रहे, जो विश्व रिकॉर्ड का हिस्सा था। इसके तहत 13.70 लाख पौधे लगाए। 2 लाख के आसपास रूट प्लांट लगाए गए हैं। इनकी निगरानी और हिसाब का काम अलग-अलग कर्मचारियों को सौंपा गया। सुबह 9 बजे के बाद से बड़ी संख्या में शहरवासी परिवार सहित पौधे लगाने पहुंचे। अनेक विभाग के लोगों ने अपने-अपने परिसरों में पौधरोपण किया। महानगर विकास परिषद के अशोक डागा, राजेश अग्रवाल व राम मूंदड़ा भी पहुंचे। लायंस, रोटरी, डीएवीवी, निजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को उत्साहजनक बना दिया। नर्मदा कछार के 152 गांवों में यह अभियान दिनभर चला। शाम 5 बजे तक मुख्य लक्ष्य पूरा हो चुका था। वरिष्ठ अफसरों में विनोद सेमवाल, मलय श्रीवास्तव, सीमा शर्मा, संजय चौधरी ने भी पौधरोपण किया। देवगुराडिय़ा में 20 हजार से अधिक लोगों ने 35 हजार पौधे रोपे। इस कार्य में एनसीसी, एनएसएस, पुलिस, बीएसएफ व स्वयंसेवी संगठनों ने हिस्सा लिया।