
फोटो सोर्स- पत्रिका
MP News: मध्य प्रदेश पुलिस महकमे में जल्द ही प्रशासनिक फेरबदल किए जाने के संकेत है। इसके तहत लंबे समय से एक ही जगह पदस्थ पुलिस अफसरों में फेरबदल की तैयारी की जा रही है और तबादला सूची भी जल्द जारी होने की संभावना है। इस सूची में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट सहित आसपास के जिलों के कई अधिकारी भी प्रभावित होंगे।
जानकार सूत्रों के मुताबिक, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण में सुधार लाने और पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस महकमे में फेरबदल के तहत तय रूपरेखा तय कर ली गई है। इसके तहत एसपी से लेकर डीआइजी स्तर तक के अधिकारियों की तबादला सूची लगभग तैयार कर ली गई है, वहीं निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के तबादले भी करीब ढाई साल से नहीं हो पाए हैं, उन्हें भी 'इधर से उधर' किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक विधानसभा सत्र के बाद फरवरी के अंतिम सप्ताह तक प्रशासनिक फेरबदल किए जाने की संभावना है। बताते हैं कि प्रदेश में आइपीएस और डीआइजी स्तर के करीब 24 अधिकारी और जिलों के कई एसपी इस फेरबदल में प्रभावित होंगे। जिन अधिकारियों का प्रमोशन हो चुका है, लेकिन अब तक पदस्थापना नहीं हुई है, उन्हें नई जिम्मेदारियां सौपी जा सकती हैं।
इधर, लंबे समय से एक ही जिले, क्रीम विभाग या थाने में जमे अधिकारियों पर भी शासन के गृह विभाग की नजर है और इस संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई है। स्पेशल डीजी (प्रशासन) और गृह विभाग द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशों और कम से चर्चा के बाद सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस विभाग में प्रशासनिक सर्जरी के तहत पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने, असंतोषजनक कार्यशैली, आमजन से व्यवहार, विभागीय जांच जैसे बिंदुओं पर फोकस किया गया है व अधिकारियों के सर्विस रिकॉर्ड का गहन गोपनीय परीक्षण भी किया जा रहा है। गृह विभाग द्वारा इंटेलिजेंस से भी इनपुट लिया गया है। इस आधार पर संतोषजनक परिणाम नहीं देने वाले अफसरों को पुलिस मुख्यालय, बटालियन या अन्य इकाइयों में भेजा जा सकता है।
इंदौर डीआरपी लाइन में फिलहाल निरीक्षक स्तर के करीब एक दर्जन ऐसे पुलिस अधिकारी लंबे समय से मैदानी ड्यूटी या थाना मिलने के इंतजार में हैं। शहरी थानों में वैसे तो अनुशासहीनता की शिकायतों के आधार पर या भ्रष्ट आचरण और थानों पर नियंत्रण न होने के कारण कुछ थानों में टीआइ का फेरबदल समय-समय पर किया जाता रहा है, लेकिन शासन स्तर पर अभी ऐसे अधिकारियों की तबादला सूची जारी नहीं हो पाई है, जबकि राजनैतिक दबाव-प्रभाव से पदस्थ हुए अधिकारी कई क्रीम थानों में जमे हुए हैं।
Published on:
17 Feb 2026 02:26 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
