
एआई जनरेटेड फोटो
MP News: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर स्थित छावनी रोड की चौड़ाई को लेकर डेढ़ दशक से विवाद चल रहा है। नगर निगम मास्टर प्लान के हिसाब से 80 फीट बनाने जा रहा है तो रहवासी व व्यापारी विरोध कर रहे हैं। इस फेर में काम शुरू नहीं हो पा रहा है। इसको लेकर क्षेत्रीय विधायक गोलू शुक्ला ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर शहर के पुराने क्षेत्र की वस्तुस्थिति बताकर रहवासियों का दर्द बयां कर चौड़ाई 10 फीट कम करने का आग्रह किया। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जल्द फैसला लेने की बात कही। ऐसा हुआ तो मधुमिलन चौराहा से जगन्नाथ धर्मशाला के बीच सड़क की चौड़ाई 70 फीट होगी।
मधुमिलन चौराहा से छावनी होते हुए जगन्नाथ धर्मशाला तक सड़क चौड़ीकरण होना है। मास्टर प्लान में रोड की तय चौड़ाई 80 फीट के हिसाब से नगर निगम ने सेंट्रल लाइन डालने के साथ बाधक निर्माण पर भी निशान लगा दिए हैं। इसके साथ ही रोड चौड़ीकरण की तैयारी है, लेकिन क्षेत्रीय रहवासी और व्यापारी 80 फीट चौड़ा रोड बनाने का विरोध कर रहे हैं और मांग 60 फीट चौड़ी सड़क बनाने की है। व्यापारियों ने अपना विरोध क्षेत्रीय विधायक गोलू शुक्ला के समक्ष भी जताया था। व्यापारियों के विरोध को देखते हुए विधायक शुक्ला ने कल भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उनके निवास पर मुलाकात की।
विधायक गोलू शुक्ला ने क्षेत्रीय रहवासी और व्यापारियों की रोड चौड़ाई कम करने की मांग को मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सामने रखा। इस पर उन्होंने रोड की चौड़ाई कम करने को लेकर जल्द फैसला लेने की बात कही है। विधायक शुक्ला का कहना है कि मधुमिलन चौराहा से छावनी होते हुए जगन्नाथ धर्मशाला तक रोड चौड़ीकरण को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव से बात हुई है। उन्होंने रोड की चौड़ाई कम करने की बात कही है। इसके चलते 10 फीट चौड़ाई कम करते हुए छावनी रोड 80 के बजाय अब 70 फीट चौड़ा बनाया जाएगा। ऐसे में अब सवाल यह भी खड़ा हो रहा है कि जब नगरीय आवास एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मास्टर प्लान की किसी भी रोड की चौड़ाई कम नहीं होने की बात कह चुके है तो फिर छावनी रोड की चौड़ाई कैसे कम होगी?
मधुमिलन चौराहा से छावनी होते हुए जगन्नाथ धर्मशाला तक रोड की 80 फीट चौड़ाई को लेकर रहवासियों के साथ व्यापारियों के चौड़ाई कम करने को लेकर अड़ने पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव और जनकार्य विभाग के प्रभारी राजेंद्र राठौर ने बैठक की थी। इसमें रहवासियों और व्यापारियों की मौजूदगी में दो चरण में सड़क बनाने का निर्णय लिया गया था। पहले चरण में 60 फीट रोड बनने के बाद दूसरे चरण में बची 20 फीट रोड बनाने का निर्णय हुआ था, लेकिन यह निर्णय होने के बावजूद भी सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू नहीं हो पाया।
गौरतलब है कि, मधुमिलन चौराहा से छावनी होते हुए जगन्नाथ धर्मशाला रोड चौड़ीकरण की कहानी वर्ष-2014 से चल रही है। तकरीबन 12 साल हो गए और रोड को चौड़ा करने का काम आज तक शुरू नहीं हो पाया है।
नगर निगम ने मधुमिलन चौराहा से छावनी होते हुए जगन्नाथ धर्मशाला तक सड़क की चौड़ाई मास्टर प्लान में 80 फीट होने के चलते सेंट्रल लाइन डालने के साथ बाधक निर्माण पर निशान लगाए हैं। साथ ही 204 लोगों को तोड़फोड़ करने के नोटिस जारी किए गए हैं, लेकिन विरोध के चलते अभी तक किसी ने बाधक निर्माण नहीं तोड़ा है। अब अगर विधायक शुक्ला की मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मुलाकात के बाद छावनी रोड 70 फीट चौड़ा बनाया जाता है तो फिर से बाधक निर्माण पर निशान लगाना पड़ेंगे।
Published on:
27 Feb 2026 02:26 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
