
MBA student murder case
MBA Student Murder Case: इंदौर शहर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में हुई एमबीए छात्रा की सनसनीखेज हत्या के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने 'हत्या' की पुष्टि कर दी है। आरोपी ने बेरहमी से छात्रा को चाकू से वारकर मौत के घाट उतारा था। इसके साथ ही उसकी गर्दन पर निशान मिलने से गला घोंटने की बात साफ हो गई है। उसके हाथों पर मिले रस्सी के निशानों से साफ हुआ कि उसके हाथ-पैर बांधे गए थे।
द्वारकापुरी थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में छात्रा के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। आरोपी ने क्रूरता दिखाई है। डॉक्टरों की विशेष टीम द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट के बाद अब पुलिस इस मामले को 'चिन्हित अपराध' की श्रेणी में रख जांच कर रही है। मृतका के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं, इसका खुलासा अब एफएसएल और डीएनए रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
आरोपी ने छात्रा के हार्ट और फेफड़ों (लंग्स) के पास चार बार नुकीले हथियार से वार किया।
बंधे थे हाथ-पैर : छात्रा के हाथ और पैर बांधे जाने के निशान भी शरीर पर पाए गए हैं।
गला घोंटा : गले पर दबाव के निशान मिले हैं, जो दम घोंटने की ओर इशारा करते हैं।
शव की स्थिति : शव काफी पुराना होने के कारण उसमें कीड़े तक पड़ चुके थे, जिससे प्रारंभिक जांच में चुनौतियां आईं।
पीएम रिपोर्ट में बलात्कार की स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है। इसके लिए डॉक्टरों ने स्लाइड और अन्य नमूने प्रिजर्व कर लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए एफएसएल भेजा है। शव की स्थिति और चोटों को देखते हुए डीएनए टेस्ट की मदद ली जा रही है। एफएसएल रिपोर्ट आने में एक महीने लग सकता है। हर पहलू पर काम कर रहे है ताकि आरोपी को सख्त सजा दिलाई जा सके। - शिवेंदू जोशी, एसीपी अन्नपूर्णा
बता दें कि बीते दिनों आरोपी पीयूष धामनोदिया ने चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पीयूष ने हत्या के बाद भी छात्रा से दरिंदगी की थी। वह पहले से ही हत्या का मन बना चुका था और झगड़ा होने पर गला घोंटने के लिए रस्सी खरीदकर रख ली थी। पूछताछ में सामने आया कि घटना से पहले आरोपी ने छात्रा के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।
Updated on:
26 Feb 2026 03:51 pm
Published on:
26 Feb 2026 03:51 pm
