
नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शनिवार से शुरू
इंदौर. विधानसभा चुनाव 2023 के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शनिवार से शुरू होगी। इंदौर की 9 विधानसभाओं में से छह के फॉर्म प्रशासनिक संकुल में जमा होंगे। देपालपुर, महू और सांवेर विधानसभा के प्रत्याशियों का नामांकन उनकी तहसीलों में जमा होगा। 30 अक्टूबर तक फॉर्म जमा कराए जा सकते हैं। नामांकन दाखिल करने की समयावधि में चार दिन की छुट्टी रहेगी। मतदान 17 नवंबर को होगा।
नामांकन की तैयारियों का कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी ने जायजा लिया। जी 9 में पहुंचे कलेक्टर ने विधानसभा चार के रिटर्निंग ऑफिसर अजीत कुमार श्रीवास्तव सहित सभी के कमरों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और कमियां दूर करने के निर्देश दिए। चाकचौबंद व्यवस्था और साज-सज्जा देखकर प्रसन्नता भी जाहिर की।
इंदौर एक से पांच नंबर और राऊ विधानसभा के प्रत्याशियों के नामांकन प्रशासनिक संकुल में जमा होंगे। प्रत्याशी के साथ प्रस्तावक व समर्थक सहित पांच लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा। 100 मीटर की सीमा में तीन वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी।
चार दिन रहेगी छुट्टी
नामांकन दाखिल करने की समयावधि में चार दिन की छुट्टी रहेगी। 22, 24, 28 और 29 अक्टूबर को अवकाश के चलते नामांकन दाखिल नहीं होंगे। नामांकन प्रक्रिया दोपहर 11 से 3 बजे के बीच होगी। 31 अक्टूबर को फॉर्म की जांच होगी और 2 नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
नामांकन जमा करने आए प्रत्याशियों व अन्य गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सभी रिटर्निंग अधिकारियों के कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हर कक्ष में एक आइटी वर्क स्टेशन भी रहेगा, जो नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करेगा।
खुलाना होगा अलग खाता
निर्वाचन आयोग के नियमानुसार, प्रत्याशी को आय-व्यय का ब्यौरा देने के लिए अलग से बैंक में खाता खुलवाना होगा। एक प्रत्याशी 40 लाख रुपए तक खर्च कर सकता है।
सामान्य वर्ग के प्रत्याशी को दस हजार तो अजा व अजजा वर्ग के प्रत्याशियों को पांच हजार रुपए की जमानत देनी होगी। प्रत्याशी ऑनलाइन भी नामांकन दाखिल कर सकते हैं, लेकिन उन्हें रिटर्निंग ऑफिसर के सामने दस्तावेज लेकर पेश भी होना पड़ेगा।
Updated on:
21 Oct 2023, 2:08 PM IST
Published on:
21 Oct 2023, 10:27 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.