
MPPSC Mobile App (MPPSC ने लॉन्च किया मोबाइल एप Photo Source- Patrika)
Indore News :मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग यानी एमपीपीएससी इंदौर की ओर से प्रतियोगी परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के लिए बड़ी डिजिटल सुविधा का आरंभ किया है। आयोग ने अपना आधिकारिक मोबाइल एप लॉन्च कर दिया है। अब राज्य सेवा समेत आयोग की सभी भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी हर महत्वपूर्ण जानकारी, दस्तावेज और ऑनलाइन सेवाएं हर अभ्यार्थी को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे अभ्यर्थियों को अलग - अलग वेबसाइटों या पोर्टलों पर जानकारी खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
आयोग के अनुसार, विभाग द्वारा लॉन्च किए गए एप का उद्देश्य भर्ती और परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और अभ्यर्थी-केंद्रित बनाना है। एप के माध्यम से उम्मीदवार नई भर्ती के विज्ञापन, परीक्षा कैलेंडर, एडमिट कार्ड, इंटरव्यू कॉल लेटर, परीक्षा परिणाम, अंकसूची, मॉडल उत्तर (आंसर-की) और रिस्पॉन्स शीट जैसी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां समय पर प्राप्त कर सकेंगे। इससे किसी भी सूचना के छूटने की संभावना भी कम होगी।
आपको ये भी बता दें कि, एमपीपीएससी ने संबंधित मोबाइल एप को एमपी ऑनलाइन से भी कनेक्ट कर दिया है। इसके जरिए अभ्यर्थी सीधे ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया तक पहुंच सकेंगे। आवेदन लिंक, आवश्यक दिशा-निर्देश और अन्य ऑनलाइन सेवाएं भी इसी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेंगी, जिससे आवेदन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।
हर वर्ष प्रदेश में राज्य सेवा परीक्षा, राज्य वन सेवा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, सहायक प्राध्यापक समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में लाखों अभ्यर्थी शामिल होते हैं। अब उन्हें भर्ती संबंधी अपडेट, परीक्षा कार्यक्रम, प्रवेश पत्र और परिणाम के लिए अलग-अलग माध्यमों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सभी जरूरी दस्तावेज और सूचनाएं एक ही एप पर उपलब्ध होने से अभ्यर्थियों का समय बचेगा और उन्हें समय पर आधिकारिक जानकारी मिल सकेगी। एमपीपीएससी का यह आधिकारिक मोबाइल एप एंड्रॉयड और आइओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
-भर्ती विज्ञापन और नोटिफिकेशन
-परीक्षा कैलेंडर
-एडमिट कार्ड
-इंटरव्यू कॉल लेटर
-परीक्षा परिणाम और अंकसूची
-मॉडल उत्तर (आंसर-की) और रिस्पॉन्स शीट
-एमपी-ऑनलाइन के जरिए ऑनलाइन आवेदन
-भर्ती से जुड़े सभी जरूरी निर्देश और अपडेट
Updated on:
23 Jul 2026 09:04 am
Published on:
23 Jul 2026 09:04 am
