
बाणगंगा थाने के सामने हत्या, पहले पिलाई शराब फिर चाकूओं से कर दिया हमला
इंदौर. बाणगंगा थाना के महज 200 मीटर दूर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि बदमाशों ने युवक को माफी मांगने के लिए बुलाया और फिर शराब पिलाकर चाकू से हमला कर दिया। उस पर ताबड़तोड़ चाकुओं से कई वार किए और सडक़ पर ही छोडक़र भाग गए। घायल हालत में उसे अस्पताल लाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका।
पुलिस के अनुसार मृतक का नाम आकाश उर्फ लल्ला पिता राधेश्याम यादव (30) निवासी भोलेनाथ कॉलोनी है। उसे कल रात इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर मौत हो गई। उसके रिश्तेदार शिवशंकर यादव ने बताया कि आकाश मजदूरी करता है। कल रात को उसके पास में फोन आया था। अमन और राहुल ने फोन कर बुलाया। जब घर के लोगों ने उससे पूछा तो उन्होंने बताया कि उससे माफी मांगना है। इस पर आकाश आरोपितों से मिलने के लिए चला गया था। कुछ देर बाद अस्पताल से सूचना मिली कि उसे घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया है। वह लोग अस्पताल पहुंचे, लेकिन बचाया नहीं जा सका।
नशेडिय़ों का लगा रहता जमावड़ा
क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि बाणगंगा थाना पास ही में, लेकिन इसके बाद भी बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है। जहां पर कल रात को हत्या हुई है। वहां पर देर रात तक नशेडिय़ों का जमावड़ा लगा रहता है। आसपास के रहवासी और व्यापारी परेशान हैं। थाने के पास ही में यह सब चलता है, लेकिन पुलिस का कोई भी हस्तक्षेप नहीं है। पुलिस के ध्यान नहीं देने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
शादी में विवाद के बाद दी थी धमकी- तुझे दो दिन में मार देंगे
परिजनों के मुताबिक 14 फरवरी को शादी के दौरान धक्का लगने को लेकर विवाद हो गया था। आरोपितों ने उसे धक्का दिया और फिर मारपीट की थी। इसके बाद धमकी दी थी कि दो दिनों में वह उसे मार देंगे। उस वक्त आसपास के लोगों ने समझाकर वहां से रवाना कर दिया था। इसके बाद से ही आरोपित उसे मारने का मौका ढूंढ रहे थे। कल बहाने से उसे बुलाया और फिर शराब पिलाकर चाकू से हमला कर दिया। उस पर चाकू से 25-30 वार किए और उसे लहूलुहान हालत में छोडक़र भाग गए। बदमाशों की यह हरकत पास ही में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
Published on:
19 Feb 2020, 1:05 PM IST
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.