22 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Indore News : नारी सम्मान योजना…इंदौर ग्रामीण में भराने लगे फॉर्म, शहर में नहीं हलचल

सांवेर विधानसभा की बैठक में दिए 30 हजार आवेदन पत्र

2 min read
Google source verification
Indore News : नारी सम्मान योजना...इंदौर ग्रामीण में भराने लगे फॉर्म, शहर में नहीं हलचल

Indore News : नारी सम्मान योजना...इंदौर ग्रामीण में भराने लगे फॉर्म, शहर में नहीं हलचल

इंदौर. विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस महिलाओं के लिए नारी सम्मान योजना लाई है। इसके तहत महिलाओं से फॉर्म भरवाकर वादा किया जा रहा है कि कांग्रेस की सरकार बनने पर 500 रुपए में गैस सिलेंडर और 1500 रुपए महीना दिया जाएगा। योजना को लेकर इंदौर शहर में कोई हलचल नहीं है, किंतु ग्रामीण क्षेत्र में नारी सम्मान योजना के फॉर्म भराने लगे हैं। कल सांवेर विधानसभा में रखी गई बैठक के दौरान 30 हजार फॉर्म कांग्रेस पदाधिकारियों को दिए गए, जिन्होंने घर-घर जाकर महिलाओं से आवेदन फॉर्म भरवाना शुरू कर दिए हैं।

इस वर्ष नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में फिर से सत्ता हासिल हो इस तैयारी में कांग्रेस लगी है। इसके चलते सगंठन को मजबूत करने के साथ बूथ मैनेजमेंट जमाने पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। चुनाव को लेकर जिलेवार घोषणा-पत्र अभी से तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही भाजपा की लाड़ली बहना योजना की तरह कांग्रेस नारी सम्मान योजना लाई है। इसके तहत पूरे प्रदेश में महिलाओं से फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। इंदौर शहर में फॉर्म भरवाने के कोई अते-पते नहीं है, क्योंकि कांग्रेस नेताओं सहित पदाधिकारियों तक फॉर्म नहीं पहुंचे हैं। कांग्रेसियों के अनुसार ब्लॉक, मंडलम् अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी, मोर्चा संगठन पदाधिकारी, शहर व प्रदेश पदाधिकारी और विधानसभा चुनाव के हारे-जीते प्रत्याशी सहित पार्षदों तक फॉर्म पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रभारी महेंद्र जोशी की है, किंतु वे ध्यान नहीं दे रहे हैं। नतीजतन शहर में योजना को लेकर कोई हलचल नहीं है।

इधर, ग्रामीण क्षेत्र में जहां जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीटा डागरे ने महिलाओं से आवेदन फॉर्म भरवाना शुरू कर दिया है, वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव ने कल सांवेर विधानसभा के अंकित परिसर में योजना को लेकर बैठक रखी। इसमें सभी उम्मीदवार एक जाजम पर नजर आए। इसके साथ ही सांवेर विधानसभा में नारी सम्मान योजना के फॉर्म महिलाओं से भरवाने के लिए ब्लॉक व मंडलम् अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी, जिला कांग्रेस पदाधिकारी और विधानसभा चुनाव के दावेदारों को दिए गए। तकरीबन 30 हजार फॉर्म कांग्रेसियों को दिए गए, जिन्होंने घर-घर जाकर महिलाओं से फॉर्म भरवाना शुरू कर दिए हैं। आज महू विधानसभा के कांग्रेस नेताओं को 30 हजार फॉर्म दिए जाएंगे।

नारी सम्मान योजना के फॉर्म का वितरण के साथ 23 मई को राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह की इंदौर जिले की यात्रा के मद्देनजर तैयारी को लेकर ब्लॉक, मंडलम् अध्यक्ष एवं सेक्टर प्रभारियों की बैठक भी रखी गई। इसमें सांसद रहे प्रेमचंद गुड्डू, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष दौलत पटेल, सूर्य कुमार, श्याम सोनी, सीमा सोलंकी, नरेंद्र मंडलोई जिला पंचायत सदस्य आशीष चौवीसिया, रीना बोरासी , बंटी विजय राठौर, ओम सिलावट , दयाल चौहान, यशवंत कलौदिया आदि मौजूद थे।