राऊ विधानसभा के प्रत्येक वार्ड में हर सोमवार को घूमेंगे वाहन
इंदौर. पूजन सामग्री लेने के लिए अब घर-घर ई रिक्शा पहुंचेगा। राऊ विधानसभा के प्रत्येक वार्ड में ई रिक्शा घूमकर सामग्री लेगा। इसकी शुरुआत कल मां अन्नपूर्णा मंदिर से की गई। वार्डों में यह रिक्शा हफ्ते में एक दिन घूमेगा।
राऊ विधानसभा के अंतर्गत आने वाले वार्ड-74, 75, 76, 77, 78, 79, 80 एवं 81 में अब घर-घर से विसर्जित करने योग्य पूजन सामग्री ई रिक्शा के माध्यम से हफ्ते में एक दिन हर सोमवार को एकत्रित की जाएगी। इसकी शुरुआत कल मां अन्नपूर्णा मंदिर से की गई। यहां पर विधि विधान से 6 ई रिक्शा का पूजन कर सबसे पहले वार्ड-81 में रवाना किया गया। पूजन के दौरान अन्नपूर्णा मंदिर के स्वामी महामंडलेश्वर विश्वेश्वरानंद गिरी महाराज, स्वामी जयानंद महाराज, विधायक रहे गोपीकृष्ण नेमा और एमआइसी मेंबर अभिषेक शर्मा ने किया। पूजन सामग्री लेने के लिए यह अनूठी शुरुआत महाकाल मानव सेवा संस्था ने की है।
हार-फूल से बनेगी खाद
वार्ड के हर घर से पूजन सामग्री एकत्रित करके नगर निगम के संचालित किए जा रहे कंपोजिट प्लांट पर लाया जाएगा ताकि प्लांट पर हार-फूल के कचरे से खाद बनाई जा सके। इसके अलावा कुछ विशेष पूजन सामग्री को विधि-विधान से नियमानुसार विसर्जित किया जाएगा। गौरतलब है कि शहर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन नगर निगम करती है। इसके साथ ही घर-घर से रोटी लेने के लिए धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के साथ गौशालों के ई रिक्शा गली-मोहल्लों में घूमते हैं। घर-घर से पूजन सामग्री लेने का यह पहला मामला है। इससे जहां लोगों को सुविधा मिलेगी, वहीं पूजन सामग्री कचरे में नहीं जाएगी। अगर राऊ विधानसभा के वार्डों में घर-घर से पूजन सामग्री लेने का प्रयोग सफल रहा तो इसे शहर के अन्य वार्डों में भी शुरू किया जाएगा।