कुक्षी। हर घर नलजल योजना में अधिकारी केवल झूठी वाहवाही ही लूट रहे हैं। कागजों में जहां पूरा कार्य दिखा दिया गया है, वहां कार्य न केवल अधूरा है बल्कि घटिया निर्माण व्यवस्थाओं की पोल खोल रहा है। कहीं टंकी नहीं बनी तो अधिकांश जगह पाइप डालकर छोड़ दिए गए। घरों में शुद्ध जल की पहुुंच अभी तक नहीं हो पा रही है। अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधि भी मूक बने हुए हैं। संभवत: यही कारण है कि जिम्मेदार अफसरों का तर्क है कि मामला विधानसभा में उठ गया, जांच हो रही है लेकिन व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं हुआ, सब कुछ ऐसा ही चलेगा। हालांकि विधायकों का कहना है कि विधानसभा में मामला उठाने के बाद चुनाव आ गए थे। ऐसे में अब नई सरकार का गठन हुआ है। एक सत्र में मौका नहीं मिला था। अब आगामी सत्र में फिर इसमें प्रश्न पूछे जाएंगे और बेतुके जवाब देने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।