14 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आइएएस फार्म हाउस जुआ कांड में केयरटेकर गिरफ्तार

जुआरियों के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था करता था ऋषि, मास्टरमाइंड ‘अंकल’ अब भी फरार

2 min read
Google source verification
मानपुर क्षेत्र के आवलीपुरा स्थित कोठी निवास फार्म हाउस

डॉ. आंबेडकर नगर (महू). मानपुर क्षेत्र के आवलीपुरा स्थित कोठी निवास फार्म हाउस में संचालित हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे के मामले में पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ऋषि यादव, अर्जुन गिरवाल और फार्म हाउस के केयरटेकर रंजीत जाट को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें जुआ संचालन से जुड़े कई नए खुलासे सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में केयरटेकर रंजीत जाट ने स्वीकार किया कि फार्म हाउस को मालिक की जानकारी के बिना किराए पर दिया गया था, जहां जुए की महफिल सजाई जाती थी। वहीं जांच में यह भी सामने आया कि ऋषि यादव जुआ खेलने आने वाले लोगों के लिए चाय-पानी और नाश्ते की व्यवस्था करता था। वह बाहर से चाय-नाश्ता लाकर जुआरियों को उपलब्ध कराता था।

पहले 18 जुआरी पकड़े जा चुके

गौरतलब है कि मंगलवार रात पुलिस ने कोठी निवास फार्म हाउस पर छापा मारकर 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया था। मौके से 13 लाख 67 हजार 971 रुपए नकद, ताश के पत्ते, 30 मोबाइल फोन और दो कार जब्त की गई थीं। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपी फरार हो गए थे। मामले में लापरवाही सामने आने पर मानपुर थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया जा चुका है।

कई जिलों से पहुंचते थे जुआरी

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस जुए के अड्डे पर इंदौर, धार, देवास, उज्जैन, बड़वानी, अलीराजपुर, खरगोन और झाबुआ सहित कई जिलों से जुआरी पहुंचते थे। इनमें व्यापारी, किसान, पान दुकान संचालक और सरकारी कर्मचारी तक शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे जुए के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

मास्टरमाइंड ‘अंकल’ की तलाश जारी

पुलिस की दबिश के दौरान जुए के मास्टरमाइंड जगदीश उर्फ ‘अंकल’ सहित अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान कुछ नए लोगों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने ऋषि यादव और अर्जुन गिरवाल को गिरफ्तार किया।