वैष्णव स्कूल मैदान देना है या नहीं, ट्रस्ट आज लेगा फैसला, दशहरा मैदान को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी कलेक्टोरेट को देगी आवेदन
इंदौर. कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के भारत जोड़ो पदयात्रा को लेकर इंदौर आने में आज से 8 दिन बचे हैं, लेकिन उनके ठहरने की जगह अभी तक तय नहीं हुई है। खालसा कॉलेज में राहुल गांधी को ठहराने की तैयारी थी। विवाद के चलते इस स्थान को परिवर्तित किया जा रहा है। ऐसे में अब शहर कांग्रेस वैष्णव स्कूल मैदान, दशहरा मैदान और चिमनबाग में से किसी एक जगह पर राहुल गांधी को ठहराने पर विचार कर रहा है। इन स्थानों में से वैष्णव स्कूल मैदान को लेकर भी पेंच फंस गया है, क्योंकि ट्रस्ट ने मैदान देने से इनकार कर दिया है। कांग्रेसियों के आग्रह पर ट्रस्ट ने आज बैठक बुलाई है। इसमें फैसला लिया जाएगा कि मैदान देना या नहीं। ऐसी स्थिति में दशहरा मैदान को लेकर शहर कांग्रेस कलेक्टोरेट और चिमन बाग मैदान के लिए शिक्षा विभाग को कल आवेदन देगी।
भारत जोड़ो पदयात्रा तय तारीख से एक दिन पहले इंदौर पहुंचेगी, क्योंकि 26 नवंबर को संविधान दिवस है। इस दिन राहुल गांधी महू पहुंचकर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के साथ उनके स्मारक पर भी जाएंगे। अगले दिन 27 नवंबर को सुबह 6 बजे पदयात्रा इंदौर के लिए रवाना होगी। पहले यह यात्रा 28 नवंबर को इंदौर आने वाली थी। तय तारीख से एक दिन पहले पदयात्रा के महू पहुंचने पर आगे की तारीखें भी बदल गई हैं। महू से पदयात्रा 27 को इंदौर पहुंचेगी और 28 को साप्ताहिक अवकाश होगा। 29 नवंबर को सांवेर के लिए रवाना होगी। पदयात्रा के साथ राहुल गांधी को इंदौर आने में आज से सिर्फ 8 दिन बचे हैं, मगर उनके ठहरने का स्थान अभी तक तय नहीं है।
दरअसल, शहर कांग्रेस ने उनके इंदौर आने पर राजमोहल्ला स्थित खासला कॉलेज में ठहरने की व्यवस्था की थी, लेकिन पिछले दिनों गुरु नानक जयंती पर खालसा कॉलेज में रखे कार्यक्रम में प्रदेशाध्क्ष कमल नाथ के पहुंचने के बाद से मचे बवाल के बाद यह स्थान तय नहीं हो रहा है। ऐसे में खालसा कॉलेज के पास वैष्णव स्कूल मैदान पर राहुल गांधी को ठहराना तय किया गया। इसका निरीक्षण कल राहुल गांधी की निज सहायक सुशांत मिश्रा ने किया। उनके साथ विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल और शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल थे। मैदान देने को लेकर विधायकों और शहर अध्यक्ष ने ट्रस्ट के लोगों से बात की। इस पर वैष्णव ट्रस्ट के लोगों ने मैदान देने से इनकार कर दिया।
ट्रस्टियों का कहना था कि पदयात्रा के तीन दिन रूकने पर बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। मैदान न मिलने पर शहर अध्यक्ष बाकलीवाल ने ट्रस्ट से आग्रह किया कि मैदान दें दे। इस पर ट्रस्ट के लोगों ने आज बैठक कर मैदान देना या नहीं इसका फैसला लेने का उनसे कहा। मैदान न मिलने की स्थिति में शहर कांग्रेस कमेटी कल दशहरा मैदान के लिए कलेक्टोरेट और चिमन बाग मैदान को लेकर जिला शिक्षा विभाग को आवेदन देगी ताकि पदयात्रा के आने से पहले मंजूरी मिलने के साथ पैसा जमा हो जाए। वैसे, शहर कांग्रेस ने ऑप्शन में खालसा कॉलेज को भी रख रखा है। अगर इन तीनों में से कोई स्थान तय न हो तो यहीं पर राहुल गांधी को ठहराया जा सकेगा। हालांकि निज सहायक मिश्रा ने वैष्णव मैदान को देखने के बाद फाइनल कर दिया है। बस ट्रस्ट की मंजूरी मिल जाए। उन्होंने वैष्णव स्कूल मैदान के साथ सांवेर के तराना में राहुुल गांधी के ठहरने पर स्थल का निरीक्षण किया।
पार्टी कार्यालय छोड़ बड़ी होटल में बैठक
भारत जोड़ो पदयात्रा की तैयारी को लेकर कल एक बैठक राऊ के आगे मशाल होटल में रखी गई। पार्टी कार्यालय गांधी भवन को छोड़ बड़ी होटल में बैठक रखने को लेकर कई सवाल अलग खड़े हो रहे हैं। बैठक में इंदौर शहर और ग्रामीण विधानसभा के वह कांग्रेस नेता शामिल हुए, जिन्हें पदयात्रा में भीड़ जुटाने से लेकर सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।