20 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भये प्रकट कृपाला दीनदयाला… शहर में रही रामनवमी की धूम

सजा फूल बंगला, प्रभु श्रीराम के दर्शन को उमड़ी भक्तों की भीड़, महाआरती के साथ बंटा प्रसाद

2 min read
Google source verification
ram

इंदौर. रविवार दोपहर 12 बजे शंख और घंटे-घडिय़ाल की ध्वनि के साथ भये प्रकट कृपाला दीनदयाला... का उद्घोष मंदिरों में होने लगा।
श्रीराम के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठे। मंदिरों में प्रभु श्रीराम के जन्म के बाद पंजेरी और मिश्री का प्रसाद बांटा गया। प्रमुख मंदिरों में राम जन्मोत्सव पर विभिन्न अनुष्ठान हुए।

रणजीत हनुमान मंदिर : फूल बंगले में 41 किलो चांदी के सिंहासन पर भगवान श्रीराम को विराजमान कराया गया। राम दरबार के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी रही। पं. दिपेश व्यास ने बताया, शोभायात्रा निकाली गई। भजन संध्या का आयोजन हुआ।

श्रीराम मंदिर पंचकुइयां : अयोध्या की तर्ज पर श्रीराम जन्मोत्सव मनाया गया। फूल बंगला सजाया गया। 108 दीपों से महाआरती की गई।

गीता भवन : राम दरबार सजाया गया। महाआरती के साथ ही सात दिवसीय राम एवं हनुमान जयंती महोत्सव का शुभारंभ हुआ। काशी पीठाधीश्वर रामनरेशाचार्य के सानिध्य में महोत्सव 31 मार्च तक चलेगा।

हंसदास मठ : हंस पीठाधीश्वर महंत रामचरणदास के सानिध्य में दोपहर 12 बजे श्रीराम जन्मोत्सव की महाआरती हुई। मठ पर शहर की एक मात्र ६ फीट की भगवान राम की प्रतिमा के साथ ही लक्ष्मण एवं माता जानकी के श्रीविग्रहों का मनोहारी श्रृंगार हुआ।

श्री श्रीविद्याधाम : स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सान्निध्य में राम-सीता व हनुमान विग्रहों का षोडशोपचार पूजन एवं दुग्धाभिषेक के बाद महाआरती की गई।

अष्टमी और नवमी पर हुआ कन्या पूजन
चैत्र नवरात्र अष्टमी-नवमी पर माता मंदिरों में अनुष्ठान हुए और यज्ञ-हवन के साथ नवरात्र का समापन हुआ। मंदिरों और घरों में कन्या पूजन हुए। हरसिद्धि मंदिर, खजराना कालका माता मंदिर, बिजासन मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर, विद्याधाम में पूर्णाहुति के साथ ही कन्या भोज हुआ। बिचौली मर्दाना स्थित श्री वैष्णवधाम में 1008 महिलाओं ने महाआरती की। बेटी बचाओ, ऊर्जा व पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।

बाणगंगा पुलिस ने 2500 बच्चियों को कराया कन्या भोज
बाणगंगा थाने में कन्या भोज आयोजित हुआ। टीआई तारेश सोनी ने बताया, 2500 बच्चियां शामिल हुईं। इन्हें लाने-लेजाने की जिम्मेदारी पुलिवस ने ही उठाई। भोज के बाद सभी बच्चियों को चॉकलेट के पैकेट दिए गए। कन्या भोज के जरिए पुलिस इनमें सुरक्षा का भाव जगाना चाहती है। कन्या भोज में डीआईजी हरिनारायणाचारी मिश्र भी पहुंचे। इसके लिए उन्होंने टीआई सोनी को बधाई भी दी।