
सर्टिफिकेट से ज्यादा हुनर की हो रही परख- अनंतकुमार हेगड़े
इंदौर. पहले सर्टिफिकेट के पीछे भागते थे, अब पूछा जाता है क्या हुनर है। अब नजरिया बदल रहा है। सर्टिफिकेट के साथ कौशल भी होना चाहिए। 70 साल से हमें मांगना ही सिखाया। आप कुछ मत कीजिए, हमें वोट दे दीजिए, बाकी सब कुछ हम करेंगे। खून दिए बिना हम युद्ध जीत नहीं सकते, पसीना बहाए बगैर जिंदगी नहीं जी सकते। इसी दृष्टि से आगे बढऩा होगा।
यह बात अरबिंदो ऑडिटोरियम में एसएआइएमएस जीओ सोसायटी व आइएमए के स्किल इंडिया सिम्पोसियम में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्यमंत्री अनंतकुमार हेगड़े ने कही। उन्होंने विभाग द्वारा चलाए जा रहे ४० सेक्टरों की जानकारी देते हुए कहा, जब तक प्राइवेट सेक्टर देश की डेवलपमेंट ग्रोथ में भागीदार नहीं बनंेगे, तब तक सरकार सब कुछ करेगी, यह सपना है। सरकार सब्सिडी देगी, उससे घर नहीं बनेगा, खुद की कमाई उसमें लगना चाहिए। उन्होंने थ्री विन का कांसेप्ट भी दिया, जिसमें सरकार कौशल प्रशिक्षण की सुविधाएं देगी।
सरकार चाहती है हर आदमी की भागीदारी
हेगड़े ने कहा, सरकार भागीदारी सिस्टम बनाना चाहती है। स्किल मंत्रालय साढ़े तीन साल पहले ही बना है। प्रधानमंत्री का मानना है, स्किल के बिना भारत नहीं चल सकता। यह जरूरी है।
सर्कस खत्म होना चाहिए
उन्होंने पूर्व सरकार पर तंज कसते हुए कहा, ७० साल से यही होता आया है कि 100 रुपए लेकर आए और हजारों लोगों में बांटना है। आप हमेशा मांगते रहे और सरकार बांटती रही। ये सर्कस खत्म होना चाहिए।
आप रोडमैप तैयार करो, हम ब्रिज बनाएंगे
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी ने कहा, होटल सहित अन्य व्यवसाय में 90 प्रतिशत कम पढ़े-लिखे और अप्रशिक्षित लोग आते हैं। हम छात्रों को नि:शुल्क ट्रेनिंग देंगे, हमें मौका दें। इस पर मंत्री ने कहा, आप रोडमेप तैयार करें, हम ब्रिज बनाएंगे। प्रतिभा सिंथेटिक के एचआर हेड मुकेश व्यास व डॉ. संजीव नायक ने स्किल डेवलपमेंट के कार्यों और परेशानियों को रखा। आयोजन दोपहर ढाई बजे शुरू होना था, लेकिन साढ़े तीन बजे शुरू हुआ। आयोजन में स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक जोशी नहीं आए। मप्र स्किल डेवलपमेंट के चेयरमैन हेमंत देशमुख और भाजपा प्रदेश मंत्री विष्णुदत्त शर्मा मौजूद थे। स्वागत भाषण मंजूश्री भंडारी चेयरपर्सन एसएआइएमएस जीओ सोसायटी ने दिया।
Published on:
8 Jul 2018, 3:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.