
,,
इंदौर. अक्सर लापरवाहियों के लिए सुर्खियों में रहने वाला इंदौर का एमवाय अस्पताल इस बार मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना के लिए सुर्खियों में हैं। एमवाय अस्पताल में एक शव मर्चुरी में स्ट्रेचर पर पड़ा पड़ा कंकाल बन गया। स्ट्रेचर पर रखे शव के कंकाल बनने की खबर मीडिया को लगने के बाद अस्पताल प्रबंधन की नींद खुली और स्ट्रेचर सहित कंकाल को हटवाया गया। मानवता को शर्मसार करने वाली घटना पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से नहीं दिया जा रहा जवाब।
मर्चुरी में रखे-रखे शव बना कंकाल
स्ट्रेचर पर रखे रखे शव के कंकाल बनने की इस घटना के सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन चुप्पी साधे हुए है और जिम्मेदार जवाब देने से बचते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि शव मर्चुरी में बीते 20 से 25 दिनों से स्ट्रेचर पर रखा हुआ था जिससे बदबू आने के बाद भी मर्चुरी से शव को नहीं हटाया गया। अंतिम संस्कार के इंतजार में स्ट्रेचर पर ही रखे रखे शव कंकाल में तब्दील हो गया। शव किसका है और कब इसे मर्चुरी में लाया गया था इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। बता दें कि एमवाय अस्पताल की मर्चुरी में डेढ़ दर्जन फ्रीजर हैं जिनमें शवों को रखा जाता है लेकिन इनमें से अधिकतर खराब पड़े हुए हैं। जब भी कोई अज्ञात लाश मिलती है तो उसे मर्चुरी में पोस्टमार्टम करने के बाद तीन दिनों तक रखा जाता है और उसके बाद भी शिनाख्त नहीं होती है तो नगर निगम या फिर समाजेसवी संस्थाएं उन अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार कर देती हैं। लेकिन इस मामले में तो न ही शव का पोस्टमार्टम हुआ और न ही किसी भी जिम्मेदार ने शव की सुध ली। जिस तरह से स्ट्रेचर पर रखकर शव को मर्चुरी में रखकर लाया गया था ठीक वैसे ही शव कई दिनों तक स्ट्रेचर पर पड़ा रहा और कंकाल बनने के बाद उसी स्ट्रेचर पर उसे मर्चुरी से हटवा दिया गया।
Published on:
15 Sept 2020 04:17 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
