
इंटरनेट पर दोस्ती हुई, युवती समझ मिलने बुलाया, किन्नर होने पर कर दी हत्या
जूनी इंदौर में रहने वाले भाई के घर से पकड़ाया आरोपी
कमर के नीचे का हिस्सा बोरे में बंद कर ग्रीन बेल्ट में फेंका था, ऊपरी हिस्सा पेटी में छिपाया
इंदौर. खजराना थाना क्षेत्र में अंधेकत्ल की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने इंटरनेट पर दोस्ती के बाद किन्नर को मिलने घर बुलाया था। यहां विवाद हुआ तो उसने किन्नर का गला घोंटकर हत्या कर दी। कमर के निचले हिस्से को बोरे में बंद कर फेंक दिया। जब पुलिस इलाके में छानबीन करने लगी तो पकड़ाने के डर से शव का ऊपरी हिस्सा लोहे की पेटी में बंद कर आरोपी भाग निकला।
जोन- 2 डीसीपी संपत उपाध्याय के मुताबिक, अशरफी नगर में किन्नर जोया उर्फ मोहसिन की हत्या में नूर मोहम्मद निवासी अशरफी नगर को गिरफ्तार किया है। एडिशनल डीसीपी राजेश व्यास, एसीपी जयंत राठौर के नेतृत्व में टीआइ दिनेश वर्मा की टीम को आरोपी की तलाश में लगाया था। 30 अगस्त की सुबह स्टार चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग के ग्रीन बेल्ट में कमर का निचला हिस्सा मिला था। बोरे में बंद यह हिस्सा किसी युवक का प्रतीत हो रहा था। घटनास्थल के 500 मीटर के दायरे में वीडियो फुटेज खंगाले गए। आरोपी जूनी इंदौर में रहने वाले भाई के घर छिपा था।
शव के साथ रहा, फिर किए 2 टुकड़े
डीसीपी ने बताया, आरोपी की पिछले वर्ष शादी हुई है। पत्नी गर्भवती होने से मायके गई है। माता-पिता हज पर गए हैं। वह टाइल्स का काम करता है। कुछ दिन पूर्व उसने मोबाइल पर कोई ऐप डाउनलोड की। ऐप की मदद से उसने जोया से संपर्क किया। उसकी जोया से फोन पर बातचीत होने लगी। 27 अगस्त की रात जोया के घर पहुंचने पर आरोपी को पता चला कि जोया किन्नर है। इस बात पर विवाद हुआ तो आरोपी ने टॉवेल से उसका गला घोंट दिया। वह शव के साथ घर पर ही रहा और 29 अगस्त को बकरा काटने वाले छुरे से शव काटा। कमर के नीचे का हिस्सा बोरे में भरकर दोपहिया से एमआर-10 के ग्रीन बेल्ट में फेंक दिया। 30 अगस्त की सुबह निगमकर्मी ने शव देख पुलिस को सूचना दी। आरोपी ने बताया कि शव का दूसरा हिस्सा ठिकाने लगाने से पहले पुलिस जांच करने कॉलोनी में पहुंच गई। इस पर शव का ऊपरी हिस्सा उसने लोहे की पेटी में छिपा दिया। पुलिस ने इस केस को चिन्हित अपराध की श्रेणी में रखा है। जांच अधिकारी और उनकी टीम को पुरस्कृत किया है।
आरोपी रख रहा था पुलिस पर नजर
डीसीपी ने बताया, जिस रात चंदन नगर से जोया ऑटो से अशरफी नगर पहुंची थी, उसका सीसीटीवी फुटेज मिला था। जोया के वापस नहीं पहुंचने पर ऑटो चालक ने अगले दिन थाने पर सूचना दी, जिस पर गुमशुदगी दर्ज हुई। जोया ने जो कपड़े पहने थे, उसी कपड़े का एक हिस्सा शव के पैर में बंधा था। साथियों और परिचितों ने इसकी पहचान की थी। जिस स्थान पर ऑटो रूका था, उसके आसपास पुलिस छानबीन करने लगी। आरोपी इस पर नजर बनाए हुए था। टीम फोकस कर रही थी किस मकान पर ताला लगा है। उसी दौरान आरोपी भाई के घर चला गया। आरोपी की निशानदेही पर जोया के शव का ऊपरी हिस्सा, मोबाइल, छुरा बरामद किया है। जिस ऐप से जोया से संपर्क किया था, उसे आरोपी ने अनस्टाल कर दिया है। ऐप के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
इंटरनेट पर बोल्ड रील डालने का ट्रेंड
पुलिस जांच में पता चला कि इंटरनेट पर बोल्ड रील डालने का ट्रेंड चल रहा है। ये रील देखकर मनचले अनैतिक ऐप डाउनलोड करते हैं। कई ऐप की आड़ में देह व्यापार चल रहा है।
Published on:
01 Sept 2022 02:06 am
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
