
Two accused arrested: चेन और लॉकेट के लिए की थी हत्या (Photo Source - Patrika)
Indore news: एमपी के इंदौर शहर में खजराना थाना पुलिस ने 11 साल पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात महज एक चांदी की चेन, सोने के लॉकेट और नकदी के लिए की गई थी। आरोपियों ने लूट का विरोध करने पर 17 वर्षीय कृष्णा की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी। वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की मौत हो चुकी है। पुलिस ने 'ऑपरेशन उजागर' के तहत बंद पड़ी फाइल दोबारा खोलकर आरोपियों तक पहुंच बनाई। एसीपी आशीष पटेल के मुताबिक महिला ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ी से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी अकील उर्फ नाइट्रा को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जोन-2 डीसीपी अमन सिंह राठौड़ के अनुसार, 17 अप्रैल 2015 को खजराना बायपास के पास सुनसान मैदान में 17 वर्षीय कृष्णा का खून से लथपथ शव मिला था। उस समय आरोपियों का सुराग नहीं मिलने के कारण पुलिस ने मामले में खात्मा लगा दिया था। वर्ष 2019 में 'ऑपरेशन उजागर' के तहत पुराने अंधे कत्ल के मामलों की दोबारा पड़ताल शुरू हुई। इसी दौरान पुलिस ने पुराने रिकॉर्ड, मुखबिर तंत्र और संदिग्ध अपराधियों की गतिविधियों को खंगालना शुरू किया।
लगातार पड़ताल के बाद पुलिस ने 11 अगस्त 2026 को खजराना निवासी अकील उर्फ नाइट्रा (30) और मोहम्मद आरिफ उर्फ नाइट्रा (30) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, वारदात में उनका तीसरा साथी परवेज भी शामिल था, जिसकी अब मौत हो चुकी है।
पूछताछ में सामने आया कि अकील, आरिफ और परवेज ने कृष्णा को लिफ्ट देने के बहाने अपने साथ लिया था। उसे विश्वास में लेकर तीनों खजराना बायपास के पास सुनसान इलाके में पहुंचे। वहां आरोपियों ने उसके साथ नशा किया। इसके बाद उन्होंने कृष्णा से सोने का लॉकेट, चांदी की चेन और नकदी लूट ली। किशोर ने जब लूट का विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक अकील ने चाकू से कृष्णा के गले पर वार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं। मुख्य आरोपी अकील मूल रूप से खजराना का रहने वाला है और वर्तमान में मुंबई में रहकर पेंटर का काम करता है। वह पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है। उसके खिलाफ मल्हारगंज, खजराना, संयोगितागंज, लसूड़िया, कनाड़िया और एरोड्रम सहित उज्जैन के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट.. चोरी और आर्म्स एक्ट के 14 मामले दर्ज हैं। दूसरा आरोपी आरिफ वर्तमान में उज्जैन में ऑटो चलाता है। उसके खिलाफ भी लूट के तीन मामले दर्ज हैं।
खजराना टीआइ मनोज सिंह सेंधव की विशेष टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी है।
डीसीपी राठौड़ के मुताबिक, आरोपियों ने वारदातों के दौरान जेल में इस वारदात के संबंध में किसी से चर्चा की थी। इस दौरान पुलिस के मुखबिर तंत्र के जरिए पुलिस को सूचना मिली। इसी के बाद पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी शुरू कर दी। तकनीकी साक्ष्यों के जरिए पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की।
Updated on:
13 Aug 2026 12:18 pm
Published on:
13 Aug 2026 12:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
