
File photo
इंदौर. बीए, बीकॉम, बीबीए सहित यूजी के अन्य परंपरागत कोर्स में दाखिले की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होने जा रही है। पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के रजिस्ट्रेशन 17 से 30 मई तक होंगे। माइनोरिटी कॉलेज में दाखिला लेने वालों को भी इस बार ऑनलाइन काउंसलिंग के रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। पहले चरण की सीटें इन कॉलेजों में भी मेरिट के आधार पर अलॉट होंगी।
कोविड के बाद शैक्षणिक सत्र पटरी पर लाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने यूजी की काउंसलिंग 8 जुलाई और पीजी की काउंसलिंग प्रक्रिया 11 जुलाई तक निपटाने का निर्णय लिया है। अब तक अल्पसंख्यक का दर्जा पाने वाले कॉलेजों को इस काउंसलिंग से छूट दी जाती थी। इस बार विभाग ने इन्हें भी काउंसलिंग में शामिल कर लिया है। इंदौर शहर में ही 30 से अधिक कॉलेजों के पास अल्पसंख्यक का दर्जा है। इनमें गुजराती कॉलेज, क्रिश्चियन कॉलेज, जैन दिवाकर कॉलेज, विशिष्ट, इस्बा, अरिहंत, ऑक्सफोर्ड, रेनेसां, इंदौर महाविद्यालय आदि शामिल है। यहां बगैर काउंसलिंग के सीधे दाखिले दिए जाते थे। इस बार यहां दाखिला चाहने वालों को पहले चरण में तो काउंसलिंग के जरिए ही किस्मत आजमाना होगी। हालांकि विभाग ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि दूसरे चरण में होने वाली कॉलेज लेवल काउंसलिंग में इन कॉलेजों में किस आधार पर सीटें अलॉट की जाएगी। पहले चरण के अलॉटमेंट 6 जून को होंगे।
पीजी में भी यही नियम
विभाग ने यूजी के साथ ही पीजी के लिए भी ये ही नियम लागू किए हैं। एमए, एमकॉम, एमएससी, एलएलबी आदि कोर्स में भी अल्पसंख्यक कॉलेजों को काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल किया गया है। पीजी में पहले चरण के रजिस्ट्रेशन 18 से 31 मई तक होंगे। इसकी सीटें 7 जून को अलॉट की जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक प्रो.सुरेश सिलावट ने बताया, ऑनलाइन काउंसलिंग की तैयारी हो चुकी है। सभी विद्यार्थियों को मेरिट के आधार पर ही सीटें अलॉट होगी।
Published on:
17 May 2022, 1:16 AM IST
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.