
Urmila Saini Murder Case: डीएनए टेस्ट से खुलेगा मर्डर का राज (Photo Source - Patrika)
Indore crime news: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में पोस्ट असिस्टेंट पत्नी उर्मिला सैनी की हत्या के मामले में फरार चल रहे पति अखिलेश सैनी का शव दसवें दिन इंदौर से 300 किमी दूर पवई स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर मिलना बताया जा रहा है। शव के पास आधार कार्ड और पेन कार्ड मिले हैं। पुलिस को सैनी का धड़ मौके पर मिला लेकिन सिर नहीं। पिता ने जहां इसे अखिलेश का धड़ बताया, वहीं बेटी ने पहचानने से इंकार कर डीएनए जांच की मांग की। अब डीएनए टेस्ट से इस गुत्थी का खुलासा होगा।
इंदौर पुलिस ने गंजबासौदा पुलिस से संपर्क कर मामले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, अखिलेश का शव रविवार अलसुबह पवई स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। धड़ पर मिले कपड़ों में प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार शव की शिनाख्त 45 वर्षीय इंदौर निवासी अखिलेश सैनी के रूप में हुई।
स्थानीय पुलिस ने इंदौर पुलिस को सूचना दी और फिर इंदौर पुलिस ने परिजन को बताया। रविवार शाम अखिलेश के परिजन पवई पहुंचे और शव देखा लेकिन उसका सिर नहीं मिलने के कारण वह भी शत-प्रतिशत शिनाख्त नहीं कर सके। बता दें कि अखिलेश पत्नी उर्मिला की हत्या कर फरार हो गया। जब हाथ नहीं लगा तो पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया। अब इंदौर से करीब 300 किलोमीटर दूर एक शक्स का धड़ मिला है। उसका सिर नहीं है जिसकी तलाश गंजबासोदा पुलिस कर रही है।
शव की शिनाख्त के लिए अखिलेश की बेटी और उसके परिजन पहुंचे। परिजन ने बताया कि सिर नहीं होने से अखिलेश की बेटी उसे पहचान नहीं सकी, जिसके चलते पुलिस अब डीएनए का सहारा ले सकती है। उक्त मामले में गंजबासौदा सिटी थाना प्रभारी संजय वेदिया का कहना है कि शव की शिनाख्ती के लिए डीएनए कराया जाएगा। शव का पीएम सोमवार सुबह होगा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
मामले में एसीपी नीति दंडोतिया ने बताया कि, शव मिलने की सूचना के बाद टीम को मौके पर रवाना किया था। मर्ग जांच के बाद वहां की पुलिस से संपर्क कर केस डायरी इंदौर आएगी। मामले में डीएनए जांच की बात कही जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव के पास मिले दस्तावेजों और परिवार की पुष्टि के आधार पर शव अखिलेश सैनी का माना जा रहा है। पैंट की जेब से अखिलेश के दस्तावेज और सुसाइड नोट बरामद हुए हैं।
सुसाइड नोट में लिखा है कि मेरी चिता को मुखाग्नि प्रायु ही दे, तभी अखिलेश की आत्मा को शांति मिलेगी। नोट में पूरे घटनाक्रम के लिए सिवनी मालवा निवासी एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया गया है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट में किए गए सभी दावों की जांच कर रहे हैं
बीती 11 जुलाई को मनोरमागंज स्थित डाक कुंज कॉलोनी में सरकारी निवास में रहने वाली पोस्ट असिस्टेंट उर्मिला सैनी (38) की हत्या हुई थी। उनका शव घर के लिविंग रूम में खून से लथपथ मिला था। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया था कि बड़े और वजनी चाकू से पति अखिलेश ने उर्मिला के गले, बाजू, मुंह, सीने व अन्य जगह चाकू से वार किए गए। जांच में सामने आया था कि आरोपी पत्नी पर शक करता था। बेटी के स्कूल में अखिलेश कैमरे में कैद हुआ था।
Updated on:
20 Jul 2026 11:38 am
Published on:
20 Jul 2026 11:37 am
