
व्यापमं घोटाले का खुलासा : इंदौर के इस डॉक्टर ने भी पीएमटी 2012 में पास कराने का लिया था ठेका
इंदौर. इडी की जांच में पता चला है, वर्ष 2012 की पीएमटी में डॉ. जगदीश सगर ने करीब 350 विद्यार्थी फर्जी तरीके से बैठाए थे। सभी को पास कराने का ठेका भी लिया था। इडी की टीम डॉ. सगर की भिंड में 17 एकड़ जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करेगी। मामला ट्रिब्यूनल में विचाराधीन होने से कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई है।
डॉ. सगर व डॉ. विनोद भंडारी की करीब 14 करोड़ की संपत्ति इडी ने दो साल पहले ही अटैच कर ली थी। इनमें डॉ. सगर की भिंड स्थित 17 एकड़ जमीन, यहां का मकान, नकदी, करीब 2 किलो सोना व चार लक्झरी कारें भी थीं। इडी ने डॉ. सगर की जमीन किराए पर दिया जाना तय किया था। हालांकि मामले में ट्रिब्यूनल में अपील के बाद इडी जमीन पर कब्जा नहीं ले पाया।
मकान के मामले में भी स्टे हो गया था। इडी सुनवाई पूरी कराकर जल्द इस पर कब्जा करने का काम प्राथमिकता में ले रहा है। इडी ने जांच में डॉ. सगर को रैकेटियर माना है। अफसरों ने माना, पीएमटी 2012 में डॉ. सगर ने 350 विद्यार्थी पास कराने की गारंटी के साथ बैठाए थे। विद्यार्थियों के आगे-पीछे व्यापमं पदाधिकारियों से सांठगांठ कर कानपुर से बुलाए गए स्कोरर बैठे थे। एक विद्यार्थी को 20 से 30 लाख रुपए में पास कराने का सौदा होने की बात सामने आई थी। स्कोरर को इसके एवज में एक-दो लाख रुपए देना तय हुए थे। एसटीएफ ने भी अपनी जांच में इसका उल्लेख किया था।
प्री-पीजी सीटों का एक करोड़ में सौदा
इडी की जांच में पता चला है, प्री-पीजी की सीटों का एक से डेढ़ करोड़ में सौदा कर दिया। कई अपात्र विद्यार्थियों को पैसा लेकर पीजी सीट अलॉट करने की पुख्ता जानकारी भी सामने आई।
सुधीर राय व डॉ. शिल्पकार की भी होगी जांच
इडी ने दो साल पहले व्यापमं घोटाले में जांच शुरू की थी। पीएमटी, प्री-पीजी, पुलिस व अन्य भर्ती परीक्षाओं को भी जांच में लिया। घोटाले में इंदौर का सुधीर राय, भोपाल का डॉ. संजीव शिल्पकार भी आरोपी बने थे। एसटीएफ ने राय से करीब 50 लाख व डॉ. शिल्पकार से 1.30 करोड़ रुपए जब्त किए थे। इन्होंने भी फर्जीवाड़ा कर करोड़ों की संपत्तियां बनाई हैं। इडी इनकी भी जांच कर रहा है। जल्द ही अन्य मामलों में भी संपत्तियां अटैच करने की तैयारी है।
Updated on:
15 Jul 2018, 10:24 AM IST
Published on:
15 Jul 2018, 10:20 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.