शनिवार को कलेक्टर आशीष सिंह ने देपालपुर के चितौड़ा गांव में रात्रिकालीन खाट चौपाल लगाई। कलेक्टर का स्वागत फसलों के बने गुलदस्ते से हुआ। मौके पर एसडीओ रवि वर्मा और जिला पंचायत उपाध्यक्ष भरत पटेल भी थे। ग्रामीणों समस्याओं को समझने का प्रयास किया और संबंधित अफसरों को हल करने के निर्देश दिए।चर्चा के दौरान माया बाई ने प्रधानमंत्री आवास के बंद पड़े सर्वे को चालू करने का आग्रह किया। कहना था कि हम कच्चे मकान में रह रहे हैं सरकार मदद करेगी तो मकान पक्का हो जाएगा। बातों ही बातों में माया बाई ने बोल दिया कि शहरी लोगों को तो 2.65 लाख सरकार देती है, लेकिन गांव में ये पैसा 1.38 लाख ही मिलता है। हमारे साथ ये भेदभाव क्यों? यह सुनकर पहले तो कलेक्टर सोच में पड़ गए। फिर कहा कि ये मामला केंद्र और राज्य सरकार का है, लेकिन मैं आपकी बात ऊपर तक जरूर पहुंचाऊंगा।