
महिला एसडीएम की अनूठी पहल : बोरिंग-डायवर्शन की अनुमति चाहिए तो पहले लगाओ पांच पौधे
इंदौर. मल्हारगंज क्षेत्र में आमजन को बोरिंग, डायवर्शन, धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन की अनुमति के लिए पांच पौधे लगाना होंगे। मल्हारगंज एसडीएम की पर्यावरण बचाए रखने और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई इस अनूठी पहल का आवेदक भी स्वागत कर उनके मोबाइल पर पौधारोपण करते फोटो भी शेयर कर रहे हैं। एसडीएम श्रीलेखा श्रोत्रिय के मुताबिक, आवेदनों को मंजूरी से पहले आवेदकों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए उन्होंने नवाचार शुरू किया है। अनुभाग के तहत बोरिंग या डायवर्शन के आवेदन पर विचार से पहले वे पांच पौधे लगाने का आग्रह करती हैं। आवेदक भी इसके लिए राजी हो रहे हैं।
जैसा आवेदन वैसे पौधों की संख्या
एसडीएम का कहना है, आवेदक एक पौधा भी लगाता है तो उनका उद्देश्य पूरा हो जाएगा। जाति, मूल निवासी प्रमाण पत्र या अन्य आवेदन पर एक या दो पौधे भी लगाने के लिए प्रेरित किया जाता है। अभी तक 15 से 20 आवेदक पौधारोपण कर चुके हैं।
ऑफिस तक में बुलाए पौधे
एसडीएम के अनुसार, यदि कोई आवेदक तर्क देता है कि मेरे यहां बड़ा गार्डन है, घर के सामने जगह नहीं है तो गार्डन या फिर पड़ोसी को आपत्ति न हो तो उसके यहां पौधे लगाने की सलाह भी देती हैं। फिर भी आवेदक तैयार नहीं होता है तो अपने ऑफिस में पौधे बुला लेती हैं, ताकि कहीं और लगाए जा सकें।
बिजासन पर भक्तों को मिलेगी छांव
वे कहती हैं, पौधारोपण करने के साथ ही उनकी देखभाल का जिम्मा भी आवेदक का होता है। इसके लिए भी तैयार हैं। वे अपने क्षेत्राधिकार में आने वाली बिजासन माता टेकरी को कॉर्पोरेट-सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) के तहत मंदिर तक के मार्ग को हरा-भरा करेंगी। इसके लिए एक निजी कंपनी भी तैयार है। यहां घने छायादार और फलदार पौधे लगाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
ग्वालियर कलेक्टर ने की पहल
बता दें, ग्वालियर कलेक्टर अनुराग चौधरी भी एेसी पहल कर चुके हैं। उन्होंने बंदूक और पेट्रोल पंप के लाइसेंस लेने वालों को 10 पौधे लगाने का टारगेट रखा है। पौधे के साथ सेल्फी भेजना और एक महीने तक उसकी देखभाल भी आवेदक को करना होगी। पटवारी से सत्यापन भी कराया जा रहा है।
पेड़-पौधों का जन्मदिन मनाएंगे वकील
विश्व पर्यावरण दिवस पर बुधवार को वकीलों की न्यायाश्रय संस्था भी अनूठी पहल शुरू करेगी। संस्था आने वाली पीढ़ी को पर्यावरण का महत्व बताने के लिए पेड़-पौधों का जन्मदिन मनाएगी। शहर में अलग-अलग स्थानों पर ऐसा किया जाएगा।
Published on:
05 Jun 2019 12:35 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
