
mahila morcha indore
इंदौर।
मोदी को जिताने के लिए के लिए भाजपा की सभी विंग तो जी-जान से लगी हैं, लेकिन आम महिलाओं ने भी संकल्प लिया कि वे भी घर से निकलकर मोदी के लिए प्रचार करेंगी। कल हुए प्रबुद्धजन महिला सम्मेलनों में ऐसी कई महिलाओं ने भाजपा के लिए काम करने की इच्छा जाहिर की और अपने संपर्क नंबर लिखवाए।
भाजपा महिला मोर्चा की टीम ने कल अलग-अलग 14 मंडलों में प्रबुद्ध महिलाओं के सम्मेलन किए। इन सभी सम्मेलनों में इंदौर की करीब डेढ़ हजार ऐसी महिलाओं ने हिस्सा लिया, जो समाज का प्रतिनिधित्व करती हैं और विचारधार प्रभावित करती हैं। मोर्चा की वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की तुलना करते हुए मोदी की उपलब्धियां गिनवाईं और चुनाव में दोबारा मोदी को जितवाने का संकल्प दिलवाया। इस दौरान कई महिलाएं स्वेच्छा से सामने आईं और मोदी को जिताने के लिए काम करने का प्रस्ताव रखा कि वे दोपहर के खाली समय में घरों से निकलकर भाजपा और मोदी के लिए प्रचार करेंगी। उनकी योजनाओं को अपने वार्ड में अन्य महिलाओं तक पहुंचाएंगी।
सभी से मांगे प्रस्ताव
महिला मोर्चा की अध्यक्ष पद्मा भोजे ने बताया कि भाजपा के लिए काम करने की इच्छुक महिलाओं ने अपने मोबाइल नंबर भी लिखवाए और कहा कि वे जो भी काम बताएंगी, उसे करने को वो तैयार हैं। इसके अलावा सम्मेलनों में शामिल अन्य महिलाओं को भी मोर्चा पदाधिकारियों के नंबर दिए गए और जो काम करना चाहें, उन्हें भी संपर्क करने को कहा गया।
सबसे ज्यादा संख्या आंबेडकर मंडल में
सम्मेलनों में सभी मंडलों में ठीक-ठाक संख्या रही, लेकिन सबसे ज्यादा संख्या आंबेडकर मंडल में रही। यहां तीन से चार सौ महिलाएं पहुंची थीं। यहां मुख्य वक्ता के रूप में मोर्चा की महामंत्री डॉ. श्रद्धा दुबे थीं और प्रभार छाया सक्सेना के पास था। इसके अलावा हेमू कलानी मंडल में भी अच्छी-खासी संख्या थी। यहां वक्ता भोजे ही थीं और उनके साथ व्यवस्था का प्रभार इंदु श्रीवास्तव व सीमा वेरांगकर के पास था।
Published on:
11 Mar 2019 11:18 am
