नई दिल्ली। खपत और निजी निवेश में बढ़ोतरी की संभावना तथा कारोबारी माहौल में सुधार के दम पर चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कारोबारी भरोसा सूचकांक बढ़कर 64.9 हो गया है, जबकि इससे पिछली तिमाही में यह 60.1 रहा था। गत वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही से सूचकांक में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि, जुलाई-सितंबर तिमाही में सबसे तेजी से सूचकांक बढ़ा है। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की ओर से जारी सूचकांक के मुताबिक, करीब 64 फीसदी कारोबारियों का मानना है कि चालू वित्त वर्ष में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की विकास दर 6.5 से 7.5 फीसदी के बीच रहेगी और 65 फीसदी को चालू वित्त वर्ष में निजी निवेश में वृद्धि की उम्मीद दिख रही है।