17 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सुरक्षित नहीं है आपका आधार कार्ड, चुनौती के बाद ट्राई अध्यक्ष की निजी जानकारी लीक

ट्राई अध्यक्ष आरएस शर्मा ने 12 अंकों का आधार नंबर जारी करते हुए उनकी निजी जानकारी लीक करने की चुनौती दी थी।

2 min read
Google source verification
Aadhar Card

सुरक्षित नहीं है आपका आधार कार्ड, चुनौती के बाद ट्राई अध्यक्ष की निजी जानकारी लीक

नई दिल्ली। आधार कार्ड के डाटा की सुरक्षा को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहते हैं। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) आधार डाटा के पूरी तरह सुरक्षित होने का दावा करता रहा है। लेकिन हैकरों का विभिन्न वर्ग डाटा लीक कर यूआईडीएआई के दावों की पोल खोल देते हैं। इस बार भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के अध्यक्ष आरएस शर्मा ने आधार की सुरक्षा का पुख्ता दावा किया और आधार नंबर जारी करते हुए इससे जुड़े आंकड़े लीक करने की चुनौती दी। एक सुरक्षा विशेषज्ञ ने ट्राई अध्यक्ष की ओर से जारी किए गए आधार नंबर के आधार पर उनकी जानकारी हैक कर ली और ट्वीटर के जरिए सार्वजनिक कर दी। हालांकि, ट्राई अध्यक्ष की निजी गोपनीयता को देखते हुए सुरक्षा विशेषज्ञ ने उनकी जानकारी को ब्लर कर दिया था।

ये है मामला

दरअसल ट्राई के अध्यक्ष आरएस शर्मा ने अपना 12 अंकों का आधार नंबर सार्वजनिक करते हुए इससे जुड़ी जानकारी लीक करने की चुनौती दी थी। उनकी इस चुनौती के कुछ घंटे बाद ही उनके आंकड़े लीक हो गए। इलियट एल्डरसन उपनाम वाले फ्रांस के एक सुरक्षा विशेषज्ञ का ट्विटर हैंडल 'एट एफएसओसी131वाई' है। उन्होंने ट्वीट्स की श्रृंखला में शर्मा के निजी जीवन के कई आंकड़े, उनके 12 अंकों की आधार संख्या के माध्यम से जुटाकर जारी कर दिए, जिनमें शर्मा का निजी पता, जन्मतिथि, वैकल्पिक फोन नंबर आदि शामिल है। उन्होंने इन आंकड़ों को जारी करते हुए शर्मा को बताया कि आधार संख्या को सार्वजनिक करने के क्या खतरे हो सकते हैं।

आधार के सबसे बड़े समर्थक माने जाते हैं ट्राई अध्यक्ष

एल्डरसन ने लिखा कि आधार संख्या असुरक्षित है। लोग आपका निजी पता, वैकल्पिक फोन नंबर से लेकर काफी कुछ जान सकते हैं। मैं यही रुकता हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि आप समझ गए होंगे कि अपना आधार संख्या सार्वजनिक करना एक अच्छा विचार नहीं है। आपको बता दें कि शर्मा, आधार परियोजना के सबसे बड़े समर्थकों में से माने जाते हैं। उनका अभी भी कहना है कि यह विशिष्ट संख्या किसी की निजता का उल्लंघन नहीं करता है तथा सरकार को इस तरह के डेटाबेस बनाने का अधिकार है, ताकि वह सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत नागरिकों को सब्सिडी दे सके।

ये जानकारी लीक हुई
इस चुनौती के कुछ घंटे बाद ही उनके निजी आंकड़े लीक हो गए। एंडरसन ने शर्मा को जबाव देते हुए कहा कि आपके आधार संख्या के साथ 9958587977 फोन नंबर जुड़ा है। यह नंबर आपके सचिव का है। एंडरसन ने आधार संख्या की मदद से शर्मा के निजी फोटो तक ढूंढ़ निकाले और ट्वीट कर प्रकाशित करते हुए लिखा, कि मैं समझता हूं कि इस तस्वीर में आपकी पत्नी और बेटी हैं। एंडरसन आधार डेटा प्रणाली की सुरक्षा से जुड़ी खामियों का खुलासा करने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने शर्मा से जुड़ी कई सारी जानकारियां और तस्वीरें प्रकाशित की। हालांकि उनमें कई संवेदनशील हिस्सों को ब्लर कर प्रकाशित किया, ताकि शर्मा की निजता को कोई नुकसान न हो। उनके द्वारा प्रकाशित तस्वीरों में शर्मा का पैन कार्ड भी शामिल था, हालांकि उसके नंबरों को एंडरसन ने ब्लर कर दिया था।