3 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बड़ी खबर : भाजपा अध्यक्ष को टीआई ने घसीट-घसीट कर पीटा,सरकार जल्द टीआई पर कर सकती है बड़ी कार्यवाही देखें वीडियो

इस घटना के बाद सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे और जमकर हंगामा करने लगे। लगभग 4 घंटे तक थाने के भीतर जोरदार हंगामा चलता रहा।

2 min read
Google source verification
bjp news

जबलपुर। जबलपुर के घमापुर थाने में एक शिक्षिका के बेटे पर दर्ज छेड़छाड़ के मामले की जानकारी लेने पहुंचे भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज मिश्रा और युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुमित की पुलिसकर्मियों से जमकर मारपीट हो गई। मामले में टीआई अनिल गुप्ता का नाम सामने आया है। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक हंगामा बढ़ता देख जब पुलिस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को थाने से हटाना चाहा तो भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज मिश्रा और उनके सहयोगी पुलिस कर्मचारियों से मारपीट पर उतारू हो गए।

वहीं इस घटना के बाद सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे और जमकर हंगामा करने लगे। लगभग 4 घंटे तक थाने के भीतर जोरदार हंगामा चलता रहा। इस बीच गहमागहमी बढ़ती गई और आरोप प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। पुलिसकर्मी भाजपा नेताओं पर आरोप लगा रहे थे वहीं पुलिस का कहना था कि भाजपा नेताओं ने हंगामा शुरू कर मारपीट की थी। हालांकि इस बीच मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने टीआई अनिल गुप्ता और एक अन्य एसआई को जांच पूरी होने तक एसपी कार्यालय में अटैच कर दिया। इस कार्रवाई के बाद भाजपा नेता शांत हुए और वापस लौट गए।

इस बात पर शुरू हुआ था झगड़ा
भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज मिश्रा और युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुमित ने बताया कि उनके मोहल्ले में रहने वाली प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका ममता सोनी के बेटे पर एक महीने पहले एक युवती ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। जांच के दौरान बुधवार की सुबह ममता अचानक पंकज के घर पहुंचीं और उन्होंने बताया कि घमापुर थाने से उनके पास फोन आया था। जिसमें कहा गया है कि उनके बेटे अमन के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर दिया गया है। अमन को गिरफ्तार करना है। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शिक्षिका घमापुर थाने पहुंची और इस बात की जानकारी लेने की कोशिश की, कि किस आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि इसी दौरान पुलिस ने उनके साथ झड़प शुरू कर दी।

महिला से अभद्रता करने का आरोप
भाजपा नेताओं ने बताया कि थाने पहुंचकर उन्होंने ड्यूटी ऑफिसर एसआई तेकाम से जानकारी हासिल करने की कोशिश की। इसी बीच अचानक टीआई अनिल गुप्ता अपने चेम्बर से बाहर आए और टीचर ममता सोनी से अभद्रता करने लगे। इस बात का विरोध करने पर टीआई अनिल गुप्ता ने अपने स्टाफ को लाठीचार्ज का आदेश दे दिया। भाजपा नेताओं का कहना है कि पुलिस की लाठीचार्ज में उन्हें गंभीर चोटें आईं हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि मारपीट के दौरान टीआई सादे लिबास में ही थे, लेकिन घटना का वीडियो वायरल होने के बाद टीआई वर्दी पहनकर सामने आए। भाजपा कर्यकर्ताओं ने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि ड्यूटी के दौरान टीआई सादे कपड़ों में क्यों थे। वहीं टीआई के अनुसार उन्होंने न तो भाजपा नेताओं के साथ मारपीट की है न ही शिक्षिका से अभद्रता की है। एक महीने पहले एक युवती ने ममता के बेटे अमन के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दी थी। जिसमें धारा 354 का अपराध दर्ज किया गया था। अमन फरार था, जिस कारण ममता सोनी को अमन को पेश करने के लिए थाने बुलाया था। उन पर लगाया गया आरोप बेबुनियाद है। फिलहाल मामले पर जबलपुर नॉर्थ एएसपी राजेश तिवारी का कहना है कि भाजपा नेताओं के आरोपों की जांच कराई जा रही है। फिलहाल टीआई और एसआई को जांच पूरी होने तक एसपी ऑफिस में अटैच किया गया है। वहीं उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच किए जाने की बात की है।