2 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

होलिका दहन से पहले तैयारी पूरी, तैनात किए गए 12 दमकल वाहन, 60 सदस्यीय टीम

MP News: होली के अवसर पर डुमना नेचर पार्क 3 और 4 मार्च को पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।

2 min read
Google source verification
Holika Dahan

Holika Dahan (Photo Source: AI Image)

MP News: होली के दौरान संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को देखते हुए नगर निगम का फायर ब्रिगेड अलर्ट मोड पर रहेगा। फायर अधीक्षक कुशाग्र ठाकुर के अनुसार एहतियात के तौर पर नगर निगम फायर ब्रिगेड मुख्यालय में सोमवार को शाम 6 बजे से लेकर होलिका दहन के बाद देर रात तक फायर फाइटरों समेत 60 सदस्यीय टीम तैनात रहेगी। फायर ब्रिगेड के कंट्रोल रूम में तीन इमरजेंसी फोन नंबरों के माध्यम से आग लगने की सूचना दी जा सकेगी। सभी फायर फाइटरों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी फायर कॉल की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करें।

होली पर दो दिन बंद रहेगा डुमना नेचर पार्क

होली के अवसर पर डुमना नेचर पार्क 3 और 4 मार्च को पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। सामान्य दिनों में यह पार्क प्रतिदिन खुला रहता है और यहां बड़ी संख्या में लोग घूमने आते हैं। नगर निगम की ओर से संचालित इस पार्क में हरियाली के साथ कई वन्य जीव भी पाए जाते हैं। यहां आने वाले पर्यटकों को अक्सर हिरण और बारहसिंघा जैसे वन्य जीव भी दिखाई देते हैं। पार्क में संचालित टॉय ट्रेन बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहती है।

शहर के अलावा बाहर से आने वाले पर्यटक भी डुमना नेचर पार्क घूमने पहुंचते हैं। पार्क के समीप स्थित खंदारी जलाशय भी लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद है, जहां जलाशय के किनारे बने रास्ते पर पैदल घूमना लोगों को खासा पसंद आता है।

होली पर क्षेत्र का निरंतर भ्रमण करें एसडीएम

जिले के सभी एसडीएम को होलिका दहन और होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था की दृष्टि से अपने क्षेत्र का निरंतर भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि वे अपने क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों के साथ सतत संपर्क में रहें। उनके साथ क्षेत्र का संयुक्त भ्रमण करें। उन्होंने होलिका दहन वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने की हिदायत भी दी है।

पुलिस कंट्रोल रूम में भी रहेगा फायर वाहन

फायर कॉल की कई सूचनाएं थानों के माध्यम से पहले पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंचती हैं। इसे देखते हुए पुलिस कंट्रोल रूम में भी एक फायर फाइटिंग वाहन तैनात किया जाएगा। इसके अलावा शहर में कुल 12 फायर फाइटिंग वाहन अलर्ट मोड पर रहेंगे। इनमें से एक-एक वाहन आईएसबीटी, रांझी और हाईकोर्ट क्षेत्र में तैनात रहेगा, ताकि किसी भी घटना की स्थिति में कम समय में राहत पहुंचाई जा सके।