
big achievement of farmer's daughter
जबलपुर। संस्कारधानी में स्कूली शिक्षा प्राप्त कर रही मूलत: करेली की रहने वाली छात्रा समीक्षा पटेल 6 माह के लिए जापान यात्रा पर जा रही हैं। वहां की संस्कृति सामाजिक शैक्षिक एवं अन्य गतिविधियों से जुडऩे का मौका मिलेगा। यह जानकारी ज्ञान गंगा इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. राजेश कुमार चंदेल ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि स्कूल के इंटर कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत समीक्षा 19 अगस्त को दिल्ली के लिए रवाना हो रही है।
जापान सरकार उठाएगी खर्च
डॉ. चंदेल ने बताया कि दिल्ली में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद 21 अगस्त को समीक्षा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जापान के लिए प्रस्थान करेंगी। काकेहाशि प्रोजेक्ट के अंतर्गत समीक्षा की जापान यात्रा व वहां रहने की समस्त सुविधाओं का खर्च जापान सरकार द्वारा किया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत वह जापान के ही एक परिवार में रहेंगी। छह माह तक जापान में उसके अभिभावक की भूमिका वही परिवार उठाएगा और पारिवारिक वातावरण प्रदान किया जाएगा।
11 वीं छात्रा है समीक्षा
समीक्षा इस अवसर को लेकर काफी उत्साहित हैं। 11वीं कक्षा में अध्ययन कर रहीं समीक्षा ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि विदेशी संस्कृति को करीब से देखने का मौका उन्हें मिल रहा है। वे पूरी लगन से वहां रहकर जापानी संस्कृति का अध्ययन करेंगी। समीक्षा का कहना है कि जापानी संस्कृति, खानपान, शिष्टाचार सीखने के बाद भी यहां आकर अन्य लोगों को भी मोटिवेट करेंगी।
सीखी जापानी भाषा
समीक्षा ने इस प्रोग्राम के लिए जापानी भाषा सीखने का प्रयास किया है। उन्होंने थोड़ी बहुत जापानी सीख ली है। उनका कहना है कि वहां जाकर थोड़ी और जापानी सीख लेंगी। समीक्षा अभी भी थोड़ी बहुत जापानी भाषा बोल भी लेती हैं।
किसान की बेटी
करेली निवासी किसान नरेन्द्र व सुधा पटेल की बेटी समीक्षा की तमन्ना प्रशासनिक अधिकारी बनने की है। अफसर बनने का ख्वाब समीक्षा के पिता करेली में किसान हैं। बेटी की उपलब्धि को लेकर माता-पिता काफी उत्साहित हैं। समीक्षा का सपना है कि वे आईएएस अफसर बनें और इसके लिए वह अभी से कड़ी मेहनत में जुटी हुई हैं ताकि आने वाले समय में वह सिविल सर्विसेज एग्जाम में हिस्सेदारी कर सफलता हासिल कर सकें।
Published on:
18 Aug 2018 07:49 pm
