18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीएम शिवराज के जवाब में दिग्गी का दांव, पत्नी के साथ शुरू की नर्मदा परिक्रमा

विजयादशमी पर बरमानघाट से किया यात्रा का आगाज, प्रदेश की राजनीति में हलचल

3 min read
Google source verification
Congress leader Digvijay Singh started Narmada Parikrama, Congress,congress news,Congress President Soni,Congress President Sonia Gandhi,congress bjp,congress latest news,Congress leader,National Congress Party,Congress chief,mp congress,narmada yatra,Digvijay Singh latest news,congress general secretary digvijay singh,former minister digvijay singh,former MP CM digvijay singh,Charge on Digvijay singh,digvijay singh and vyapam,congress leader digvijay singh,narmada parikrama,narmada yatra 2016 n

Congress leader Digvijay Singh started Narmada Parikrama

जबलपुर/नरसिंहपुर। देश, विदेश तक चर्चित हुई शिवराज सरकार की नर्मदा सेवा यात्रा की तर्ज पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी नर्मदा परिक्रमा शुरू कर दी है। विजयादशमी पर शनिवार को उन्होंने नरसिंहपुर के बरमानघाट से इसका आगाज किया। खास बात यह है कि सीएम की पत्नी साधना सिंह की तरह इस यात्रा में दिग्गी राजा की पत्नी अमृता भी उनके साथ हैं। इस यात्रा से राजनीतिक हल्के में हलचल मच गई है। प्रदेश से निकलकर गुजरात तक बहने वाली नर्मदा की इस यात्रा को एमपी और गुजरात के आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि दिग्विजय इसे अपनी व्यक्तिगत यात्रा बता रहे हैं, लेकिन राजनीति के पंडित इसके अपने मायने निकाल रहे हैं। इसे उनके एमपी की राजनीति में लौटने का संकेत माना जा रहा है।
सीएम शिवराज की यात्रा नौटंकी थी
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने नर्मदा परिक्रमा शुरू करने से एक दिन पहले प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह पर भी निशाना साधा। उन्होंने जबलपुर में कहा कि उनकी नर्मदा परिक्रमा यात्रा राजनीतिक नहीं है। यह पूरी तरह धार्मिक और आध्यात्मिक व निजी होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा निकाली गई यात्रा को नौटंकी करार दिया। यात्रा के 6 माह मेरे जीवन के लिए महत्वपूर्ण पल होंगे।
कन्या पूजन के साथ संकल्प
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शनिवार को दशहरा पर्व के मौके पर नर्मदा तट ब्रह्मानंद घाट से अपनी नर्मदा परिक्रमा प्रारंभ की। सिंह शनिवार की दोपहर को बरमान पहुंचे। जहां, वे सर्वप्रथम रेत घाट पर स्थित श्री चंद्रमौलेश्वर शारदा मंदिर पहुंचे। संस्कृत पाठशाला के विद्यार्थियों ने मंदिर के प्रवेश पर उनका स्वस्तिवाचन के साथ स्वागत किया। श्री सिंह ने मंदिर में पूजन अर्चन के साथ भगवान चंद्रमौलेश्वर का अभिषेक किया तत्पश्चात कन्या पूजन कर उन्हें भोजन कराया। मंदिर के बाद में नर्मदा के तट पर पहुंचे यहां नर्मदा जी का पूजन कर नर्मदा परिक्रमा का संकल्प लिया।
झोतेश्वर सकिया नर्मदा का पूजन
सिंह झोंतेश्वर से सीधे बरमानघाट पहुंचे।और सपत्नीक नर्मदा पूजन करके परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ किया। मंत्रोच्चार के साथ करीब आधा घण्टे तक पूजन चलता रहा। इससे पहले शनिवार को सुबह दिग्विजय सिंह गोटेगांव में थे। जहां, झोतेश्वर में समस्त साधु-संत से आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद दिग्विजय सिंह स्थानीय जैन मंदिर में दृढ़ मति माता से आशीर्वाद प्राप्त किया। सिद्धेश्वर हनुमान टेकरी और भगवती राजराजेश्वरी के मंदिर पहुंचकर पूजन-अर्चन किया। इसके बाद अपने समर्थकों के साथ दिग्विजय सिंह वाहन से नर्मदा परिक्रमा के लिए बरमान घाट रवाना हुए।
यात्रा में संग रहेगी पत्नी अमृता
बताया गया है कि दिग्विजयसिंह की नर्मदा परिक्रमा 6 माह चलेगी। इस यात्रा में उनकी पत्नी अमृता पूरे समय साथ रहेगी। नर्मदा परिक्रमा में दिग्विजय सिंह के समर्थक भी जुट रहे है। परिक्रमा के दौरान दिग्विजय सिंह और उनकी पत्नी के भोजन की व्यवस्था उनके समर्थकों द्वारा ही की जा रही है। इस यात्रा में वे अपने समर्थकों के घरों से तैयार होकर आने वाला सात्विक भोजन ही ग्रहण करेंगे।
पहले दिन चले 5 किलोमीटर
नर्मदा परिक्रमा के पहले दिन कांग्रेस महासचिव अपने समर्थकों के साथ करीब 5 किमी पैदल चले। उन्होंने बरमान घाट से लेकर बडिय़ा घाट के बीच की दूरी तय की। उनकी नर्मदा परिक्रमा का पहला पड़ाव बडिय़ा घाट ही है। रात्रि विश्राम के बाद वे रविवार की सुबह 7 बजे लिंगा घाट के लिए रवाना होंगे। लिंगाघाट में दोपहर का भोजन होगा। उसके बाद कोटिया घाट तक की यात्रा करेंगे। जहां, ब्रम्हदेव आश्रम में रात्रि विश्राम करेंगे। सोमवार को सुबह दिग्विजय बिछुआ पहुंचेंगे। जहां दोपहर भोजन के पश्चात यात्रा भटेरा के लिए प्रस्थान करेगी।
सादगी के साथ शुरुआत
दिग्विजय सिंह ने अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार नर्मदा परिक्रमा का बेहद सादगी के साथ शुरुआत किया। बरमान घाट पर सामान्य पंडाल में हुए कार्यक्रम में उन्होंने नर्मदा परिक्रमा का संकल्प किया। इसके बाद उन्होंने पैदल यात्रा शुरू की। इसमें कुछ दूर तक बड़ी संख्या में उनके समर्थक और कांग्रेस नेता भी साथ चले। वहीं कई समर्थक निजी वाहनों से वैकल्पिक मार्ग से होते हुए उनके अगले पड़ाव के लिए भी रवाना हुए।
तन्खा, पचौरी, नीखरा भी पहुंचे
दिग्विजय सिंह की नर्मदा परिक्रम के शुभारंभ अवसर पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेककृष्ण तन्खा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, कुणाल चौधरी, रामश्ेवर नीखरा, विधायक जीतू पटवारी, एनपी प्रजापति सहित प्रदेश कांग्रेस के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। हालांकि प्रदेश कांग्रेस के अन्य दिग्गज नेताओं की दिग्विजय की नर्मदा परिक्रमा कार्यक्रम से दूरी भी चर्चा में रही। यात्रा में कांग्रेस के अनेक क्षेत्रीय नेता कार्यकर्ता शामिल रहे।