जबलपुर। तीन शुभ संयोग में मंगलवार को गंगा दशहरा पर्व मनाया गया। पुण्य की डुबकी लगाने नर्मदा तटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु स्नान के लिए नर्मदा तट ग्वारीघाट, तिलवाराघाट व लम्हेटाघाट पहुंचे। घाटों पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के चाकचौबंद इंतजाम किए थे। जगह-जगह बैरिकेटिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया गया। गंगा दशहरा पर शहर में भी कई जगह धार्मिक आयोजन हुए। ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी को गंगा दशहरा पर्व मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन मां गंगा ब्रह्मा जी के कमंडल से निकलकर भगवान की शिव की शिखाओं से होती हुई धरती पर अवतरित हुई थीं। तब से ही इस दिन को गंगा दशहरा के रूप में मनाया जाता है।