लोकसभा चुनाव की आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होते ही शहर की सडक़ों पर लगे नेताओं, राजनीतिक पार्टियों व सरकारी योजनाओं का गुणगान करने वाले होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर हटाए जा रहे हैं। अब तक नगर निगम की टीम सडक़ों, चौराहों से 1200 बैनर, पोस्टर व फ्लेक्स हटा चुकी है। शहर की सडक़े और चौराहे आम दिनों की तुलना में तंग की बजाय खुले खुले से नजर आने लगे हैं। वहीं डिवाइडरों से बैनर, पोस्टर हटने के चलते सडक़ों की दबी हुई चौड़ाई भी खुल गई है। लोगों ने कहा कि बैनर, पोस्टर हटने के बाद सडक़ों और चौराहों में जगह और सफाई नजर आ रही है, कहा कि, "काश आचार संहिता हमेशा लगी रहे। कम से कम सडक़े औऱ चौराहे तो वास्तविक चौड़ाई में उपयोग किये जा सकेंगे।"