
train, bus housefull
जबलपुर. होली के चलते रेलवे स्टेशन और अंतरराज्यीय बस स्टेंड (आईएसबीटी) में सोमवार को भीड़भाड़ रही। ट्रेनें पैक चलने के कारण बसों में यात्रियों का दबाव नजर आया। आईएसबीटी बस स्टेंड परिसर में यात्री बस आने का इंतजार करते देखे गए। मंडला, डिंडौरी, कटनी, नरसिंहपुर, सतना की ओर जाने वाली बसों में ज्यादा यात्री थे। बसों से रोजाना 20 से 25 हजार यात्री यात्रा करते हैं लेकिन इन दिनों यात्रा करने वालों की संख्या 35 हजार के पार हो गई है। रेलवे स्टेशन पर भी सोमवार को यात्रियों की भारी भीड़ रही। स्टेशन परिसर के अंदर एवं बाहर यात्री डेरा डाले नजर आए। ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं है।
आइएसबीटी परिसर में यात्री बस आने का करते रहे इंतजार, इधर लम्बी दूरी की ट्रेनें फुल
जबलपुर-छिंदवाड़ा, जबलपुर-नागपुर के साथ जबलपुर से मंडला-डिंडौरी और कटनी के बीच ज्यादा लोग यात्रा करते हैं। जबलपुर-नागपुर रूट पर सभी बसें पैक चल रही हैं। आईएसबीटी से हर रोज करीब 350 बस चलती हैं। इसे बढ़ाया गया है। इसी तरह मंडला-डिंडौरी रूट पर करीब 100 से अधिक बसों का संचालन किया जा रहा है। इन जिलों से बड़ी संख्या में लोग काम के लिए जबलपुर आते हैं। इसके अलावा नागपुर-छिंदवाड़ा रूट पर करीब 80 बसों का संचालन हो रहा है। कटनी, सागर, दमोह रूट पर करीब 25 बसें संचालित होती हैं। सभी बसों में भीड़ है। लोगों को आसानी से टिकट नहीं मिल रहा है।
मेट्रो बसों में भी उमड़े यात्री
शहर में मेट्रो बसें भी पैक चल रही है। शहर में 90 बसों का संचालन 15 रूटों पर किया जाता है। पनागर, पाटन, बरेला, शहपुरा, बरगी तक मेट्रो बसे संचालित की जा रही हैं। इन बसों से रोजाना करीब 15 से 20 हजार यात्री यात्रा करते हैं। होली के चलते सोमवार को आसपास रहने वाले छात्र और कर्मचारी मेट्रों से घर गए। जेटीसीएल के सीईओ सचिन विश्वकर्मा ने कहा कि धूरेड़ी के दिन मेट्रो बसों का संचालन बंद रहेगा।
धुरेड़ी के दिन बंद रहेंगी बसें
धुरेड़ी के दिन बसों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। आईएसबीटी जबलपुर बस ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष पिंटू तिवारी ने कहा कि होली पर्व पर यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। मंडला, डिंडौरी, नागपुर के रूट की बसें पूरी तरह पैक चल रही हैं। होली के दूसरे दिन सभी बसें बंद रखी जाएंगी। होली के दिन मंगलवार को कुछ बसों का संचालन होगा।
Published on:
07 Mar 2023 01:56 pm

बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
