
Home Ministers nephews truck stolen in msdhya pradesh
जबलपुर. प्रदेश में चोर-लुटेरों से आम आदमी ही त्रस्त नहीं हैं। चोरों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि प्रदेश के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह के परिवार की सम्पत्ति भी सुरक्षित नहीं रह गई। चोरों ने गृहमंत्री के भतीजे का ट्रक सागर से चोरी कर जबलपुर के कबाड़ी को बेच दिया। कबाड़ी ने ट्रक को काट कर बेच डाला। इस खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। सागर और जबलपुर की पुलिस कबाड़ी की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
सागर के बहेरिया थाना प्रभारी सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि 16 जुलाई को महेन्द्र ठाकुर का ट्रक (एमपी 15 एचए 5657) उनके थाना क्षेत्र से चोरी हो गया। महेंद्र सिंह गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह के भतीजे बताए जाते हैं। सीसीटीवी फुटेज की मदद से ट्रक चोरी में शामिल एक आरोपित को दबोचने के बाद पुलिस शहर के अधारताल अंतर्गत रद्दी चौकी के एक चर्चित कबाड़ी के यहां पहुंची।
कबाड़ी अंडरग्राउंड, उसके 5 साझेदार गिरफ्तार
बहेरिया पुलिस के हत्थे आए चोर ने बताया था कि उसने ट्रक उक्त कबाड़ी को बेचा था। चर्चित कबाड़ी तो पुलिस के हत्थे नहीं आया, लेकिन उसके पांच सहयोगी गिरफ्त में आ गए। पूछताछ में पता चला कि कबाड़ी ने ट्रक को काटकर सारे पार्ट अलग-अलग कर बेच चुका है। तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
सागर पुलिस का शहर में डेरा
सागर पुलिस ने सीएसपी गोहलपुर इंद्रजीत बाकलवार की अगुवाई में अधारताल पुलिस के साथ मिलकर मुख्य कबाड़ी की तलाश में रविवार और सोमवार रात को करौंदी बाईपास, रद्दी चौकी, अधारताल सहित कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस को चोरी गए ट्रक का एक भी पार्ट नहीं मिल सका है।
रद्दी चौकी में बेचा ट्रक
गोहलपुर सीएसपी इंद्रजीत बाकलवार के अनुसार सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र से चुराए गए ट्रक को चोरों ने रद्दी चौकी स्थित एक कबाड़ी को बेचा है। उसके सहयोगियों को सागर पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य कबाड़ी की तलाश में सागर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
Published on:
20 Sep 2017, 11:51 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.