
demo pic
जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में जूनियर्स के कपड़े उतरवाने वाले छात्रों को बुधवार को निलंबित कर दिया गया। हॉस्टल में रैगिंग के इस वीडियो के वायरल होने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने मामले की तत्काल जांच कराई। प्रारंभिक जांच के बाद रैगिंग के मामले में 5 छात्रों को कॉलेज से सस्पेंड करने के निर्देश जारी किए गए है। वहीं, आरोपित छात्रों को हॉस्टल से भी तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है।
सेकेंड ईयर के छात्र
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की एंटी रैगिंग कमेटी ने हॉस्टल में रैगिंग के वायरल वीडियो की पड़ताल कराई। प्रथम दृष्टतया रैगिंग की घटना को लेकर पांच छात्रों को आरोपित माना गया है। ये पांचों छात्र कॉलेज में सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहे है। इन्होंने मिलकर ही जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग की थी। इन छात्रों के अभिभावकों को भी घटना को लेकर पत्र भेजे जा रहे हैं।
इन पर गाज
- महेंद्र सिंह
- गिरीश तनवानी
- नवीन कुमार
- मनीष बावरिया
- प्रखर चितलानी
(नोट: सभी एमबीबीएस-2016 बैच के छात्र हैं।)
वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में रैगिंग का एक वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ। इस वीडियो के वायरल होते ही कॉलेज में हड़कंप मच गया। वीडियो में जूनियर के साथ रैगिंग के तरीके को देखकर सभी हैरान रह गए। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक बुलाई है। इस मामले में डीन ने सभी वार्डन से रिपोर्ट मांगी थी। वहीं स्टूडेंट सेक्शन की ओर से भी जांच की गई। जिसके बाद 5 छात्रों को एक माह के लिए कॉलेज से निलंबिन करने का निर्णय किया गया।
वीडियो से पहचान फिर बयान
सूत्रों का कहना है, वीडियो हॉस्टल क्रमांक-3 का है। जो एमबीबीएस बैच 2016 के छात्रों ने 2017 के छात्रों का बनाया है। वीडियो में 6 छात्र एक कतार में खड़े हैं, जिनसे सीनियर डांस करने कह रहे हैं। दूर से रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में बेहद धुंधली तस्वीरों को देखकर ऐसा लगा रहा है कि रैगिंग के दौरान छात्रों के कपड़े भी उतरवाए गए। इस मामले में कॉलेज प्रबंधन ने वायरल वीडियो के जरिए छात्रों की पहचान की है।
Published on:
11 Apr 2018, 5:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.