जबलपुर

#Monsoon जबलपुर में 40 घंटे से झमाझम बारिश, नर्मदा समेत सभी नदियां खतरनाक स्तर पर – देखें वीडियो

#Monsoon जबलपुर में 40 घंटे से झमाझम बारिश, नर्मदा समेत सभी नदियां खतरनाक स्तर पर - देखें वीडियो  

2 min read
Aug 03, 2023
Monsoon Heavy rain

जबलपुर. मानसून ने जोर पकड़ा, तो शहर की जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। कई इलाकों में जलभराव हो गया। गणेश नगर, कछपुरा, कुदवारी, अमखेरा, भूकम्प कॉलोनी, ओमती समेत कई इलाकों में लोगों के घरों में पानी भर गया। बारिश का असर आम जनजीवन पर भी पड़ा।

अगस्त के पहले दिन हुई झमाझम बारिश के बाद दूसरे दिन बुधवार को रिमझिम वर्षा की झड़ी लगी। इससे तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे चला गया। मौसम विभाग के अनुसार रुक-रुककर वर्षा का दौर जारी रहेगा। मंगलवार शाम से बुधवार शाम तक 181.1 मिमी अर्थात 7 इंच वर्षा दर्ज की गई। इस मानसूनी सीजन में एक दिन में हुई यह सबसे अधिक वर्षा है। मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी प्रणालियां सक्रिय हो गई हैं। आगामी दो दिनों तक जबलपुर सहित सम्भाग के जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश के तट पर गहरा अवदाब क्षेत्र बन गया है। मानसून द्रोणिका भी अपनी सामान्य स्थिति से ऊपर चली गई है। बंगाल की खाड़ी में बनी मौसम प्रणाली के असर से गुरुवार को जबलपुर सहित सम्भाग के जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। मानसून का सिस्टम मजबूत हुआ है।

बरगी डैम लबालब, नर्मदा का जलस्तर बढ़ा

झमाझम बारिश से बरगी डैम लबालब है। नर्मदा का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। ग्वारीघाट से लेकर तिलवाराघाट में जल स्तर तट से ऊपर आ गया। ग्वारीघाट में कई मंदिरों का बड़ा हिस्सा डूब गया है। तट पर लगने वाली दुकानों को शिफ्ट करा दिया गया है। बरगी बांध का मौजूदा जलस्तर 418.45 मीटर है। इसमें 63567 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। 422.76 मीटर अधिकतम जलभराव क्षमता है।

29 इंच बारिश

मानसून सीजन में अब तक कुल बारिश का आंकड़ा 726.8 मिमी यानी 29 इंच पहुंच गया है। यह गत वर्ष की तुलना में पांच फीसदी अधिक है। जिले में औसत 52 इंच बारिश होती है। बुधवार को अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

Published on:
03 Aug 2023 05:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर