
large quantity fake currency recovered
जबलपुर। चुनावी सरगर्मी के बीच शहर में नकली नोटों की खेप भी पहुंच गई है। इसका खुलासा बुधवार रात ओमती और गोहलपुर थाना क्षेत्र में पकड़े गए आरोपियों से हुआ है। यहां पुलिस ने तीन युवको के कब्जे से भारी मात्रा में नकली नोट बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि ये नोट चुनाव के दौरान बाजार में खपाने के लिए लाए गए थे। युवकों के तार बांग्लादेश के तस्करों से जुड़े हुए हैं। वे स्थानीय स्तर पर भी कमरा लेकर नकली नोटों का निर्माण करते थे।
घेराबंदी कर पकड़ा
जानकार सूत्रों के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि हनुमानताल क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध हैं। वे ज्यादातर समय घर में कैद रहते हैं, लेकिन उनके ठाट-बाट ऊंचे हैं। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि मामला नकली नोट बनाने और इन्हें बाजार में चलाने से जुड़ा हुआ है। ओमती पुलिस ने घेराबंदी करके तीन युवकों को पर्यटन भवन के समीप दबोच लिया। पकड़े गए युवकों के नाम सचिन चक्रवर्ती, कौशल उपाध्याय व संतोष पांडेय बताए गए हैं। मौके पर इनके कब्जे से 87200 रूपये के नकली नोट बरामद किए गए। बताया गया है कि तीनों युवक रीवा व शहडोल के रहने वाले हैं। वे जबलपुर निवासी एक युवक के साथ मिलकर यह गोरखधंधा चला रहे थे। प्रिंटर से खुद भी नकली नोट तैयार कर लेते थे।
बांग्लादेश से आए नोट
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपियों का कहना है कि बांग्लादेश बार्डर के रास्ते नकली नोटों की खेप देश में लाई जा रही है, जिसमें कई लोग शामिल हैं, जो देश के कोने-कोने में फैले हुए हैं। आरोपियों ने बताया कि बांग्लादेश में कलर प्रिंटिंग की मदद से नकली नोट बनाए जाते हैं। इन नोटों को खरीदने के लिए उन्हें एक लाख नकली नोटों के बदले 36 हजार रूपये देने पड़ते हैं? आरोपी भी 100, 200, 500 और 2000 के नकली नोट बनाने में माहिर हैं।
चुनाव में होना था उपयोग
पुलिस के अनुसार आरोपी इन नोटों को वे चाय पान के टपरों व होटलों में चलाते थे। बड़ी संख्या में नोटों को खपाने के लिए चुनाव का इंतजार किया जा रहा था। विधानसभा चुनाव के दौरान इन नकली नोटों का उपयोग किया जाना था। लेकिन पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों द्वारा किए गए खुलासे के बाद शहर की पुलिस सतर्क हो गई है। अन्य शहरों की पुलिस को सतर्क किया जा रहा है, ताकि नकली नोटों की सप्लाई करने वालों को गिरफ्तार किया जा सके।
नेता का नाम चर्चा में
जानकार सूत्रों के अनुसार गोहलपुर पुुलिस ने भी रात में करीब 1 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं। इसमें भानतलैया क्षेत्र के एक कांग्रेस नेता का नाम चर्चाओं में हैं। कहा जा रहा है कि नकली नोटों का गोरखधंधा करने वालों को कथित कांग्रेस नेता का संरक्षण प्राप्त था। आरोपियों ने संकेत दिए हैं कि जबलपुर ही नहीं प्रदेश के कई शहरों में इस तरह नकली नोट चलाने वाले युवकों के गिरोह फैल गए हैं। चुनाव में इस नकली करेंसी का भारी मात्रा में उपयोग होने की संभावना है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
Published on:
25 Oct 2018 04:43 pm
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
