14 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

48 करोड़ में बनेगा जिला अस्पताल का नया भवन, 225 बेड बढ़ेंगे

जर्जर क्वार्टर समेत कई स्ट्रक्चर को हटाने का काम शुरू, जमीन खाली होते ही शुरू होगा काम    

less than 1 minute read
Google source verification
hospital

hospital

जबलपुर . शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन के लिए जिला अस्पताल को विस्तार देने का काम शुरू हो गया है। पुराने भवन व अन्य स्ट्रक्चर को खाली कराया जा रहा है। जानकारों के अनुसार अस्पताल परिसर के जर्जर भवन व कर्मचारियों के पुराने क्वार्टरों को तोड़ा जाएगा। जमीन खाली होते ही नए भवनों का निर्माण शुरू होगा। अभी अस्पताल में तीन सौ बेड की क्षमता है। 48 करोड़ की लागत से सवा दो सौ बेड क्षमता के अस्पताल का सेटअप तैयार किया जाना है।

जांच सुविधाओं का होगा विस्तार

जिला अस्पताल में नए सिरे से पूरा सेटअप तैयार होने पर अस्पताल में डॉक्टर, पेरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंग स्टाफ बढ़ेगा। सर्जरी की सेवाओं को विस्तार मिलेगा। इसके साथ ही जांच सुविधाएं बढ़ेंगी और सभी विभागों का विस्तार हो सकेगा।

1100 तक पहुंच जाती है मरीज संख्या

जिला अस्पताल में मरीजों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। उस अनुपात में अभी तक बेड क्षमता बहुत कम है। यहां आने वाले मरीजों की संख्या पिछले दशक के मुकाबले दो गुना से भी ज्यादा हो गई है। बीमारियाें के मौसम में ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या 1 हजार से 1100 तक पहुंच जाती है। ऐसी िस्थति में अस्पताल में फ्लोर बेड लगाने पड़ते हैं। संभागीय मुख्यालय का जिला अस्पताल होने के बावजूद यहां से बड़ी संख्या में मरीजों को मेडिकल अस्पताल रेफर करना पड़ता है। कुछ सुविधाओं का विस्तार होने पर जिला अस्पताल में मरीजों को कई बीमारियों का उपचार मिल सकता है। इससे मेडिकल अस्पताल पर भी दबाव कम होगा।

इनका कहना है

जिला अस्पताल के विस्तार के लिए नए भवनों का निर्माण करने जमीन को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुराने स्ट्रक्चर व भवनों को खाली कराया जा रहा है। इसके बाद उन्हें तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. संजय मिश्रा, सीएमएचओ