7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दर्दनाक हादसा: करेंट ने ली तीन सगे भाईयों की जान, मातम में बदला इलाके का माहौल

गुरजीकला गांव में खेत में पानी लगाते वक्त हुआ हादसा

2 min read
Google source verification
katni news

katni news

कटनी। रीठी थाना अंतर्गत ग्राम गुरजीकला में गुरुवार शाम एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। परिवार के तीन सगे भाई करंट की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए रीठी अस्पताल में रखवाए हैं। घटना से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। हर आंख नम है।

खेत में हुआ हादसा
रीठी थाना प्रभारी विजय अंभोरे ने बताया कि गुरजीकला निवासी लखन पटेल पिता स्व. हुकुमचंद पटेल(55), रामसुजान (53) व राजकुमार पटेल तीनों सगे भाई हादसे का शिकार हुए हैं। गुरुवार शाम तीनों भाई खुद के खेत में पानी लगने गए थे। इसी दौरान पंप के करंट की चपेट में एक भाई आ गया। दोनों भाई उसे बचाने के लिए दौड़े तो वे भी करंट की चपेट में आ गए।

नीले पड़ गए शव
बताया गया है कि करंट इतना तेज था कि तीनों तड़पने लगे। कोई कुछ समझ पाता इस वक्त तक तीनों के प्राण निकल गए। उनके शव नीले पड़ गए। एक भाई की तो हाथों की उंगलियां तक जलकर खाक हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के काफी देर बाद लखन पटेल का पुत्र दुर्गेश पहुंचा और तीनों को मृत अवस्था में पड़े देखा। करंट से हादसा हुआ समझकर उसने तत्काल परिजनों व ग्रामीणों को जानकारी दी। भारी संख्या में गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। खेत से करंट के वायर हो हटाया गया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने रात हो जाने के कारण तीनों के शव अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवाए हैं। शुक्रवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किए जाएंगे।

तीन ही थे भाई
ग्रामीणों ने बताया कि तीनों भाइयों का संयुक्त परिवार था। सभी मिलकर खेती करते थे। तीनों में एक-दूसरे से बड़ा प्रेम था। यही वजह है कि भाई की आवाज सुनकर दोनों भाई बिना अपनी जान की परवाह किए उसकी मदद के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने बताया कि तीनों भाइयों के पास करीब 40 एकड़ भूमि थी। मृतक तीन भाई ही थे और तीनों की मौत हो गई। पूरा परिवार सूना हो गया है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। लोगों का कहना है कि पारिवारिक विघटन के इस दौर में तीनों भाईयों का परम्पर प्रेम व समर्पण दूसरों के लिए उदाहरण था। नियति के काल चक्र ने उन्हें सदा के लिए छीन लिया। ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार को तीनों भाईयों का एक साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।