भेड़ाघाट स्थित शासकीय स्कूल व आंगनबाड़ी परिसर में बच्चों व समाजसेवियों ने लगाए पौधे
जबलपुर. प्रकृति द्वारा प्रदत्त समस्त दृश्य व अदृश्य रत्नों का सम्मान करना हमारे वेदों ने सिखाया है। प्रकृति की वंदना हमारे संस्कारों में शामिल है, ये शिक्षा बच्चों में माता पिता के द्वारा सदियों से दी जा रही है। फिर भी कुछ स्वार्थी लोग अपने स्वार्थ सिद्ध करने प्रकृति के साथ खिलवाड़ कर स्वयं के साथ दूसरों का जीवन भी खतरे में डाल रहे हैं। पेड़ पौधों काटना नहीं, बल्कि उन्हें रोपित करना, पूजा कर संरक्षित करना ही हमारे संस्कार हैं। ये बात बुधवार को भेड़ाघाट नगर पंचायत स्थित शासकीय स्कूल एवं आंगनबाड़ी परिसर में पत्रिका हरित प्रदेश अभियान के अंतर्गत पौधरोपण के दौरान मातृ शक्ति परमवैभव लक्ष्य समिति अध्यक्ष वंदना आनंद दीदी ने उपस्थित जनों व बच्चों को संबोधित करते हुए कहीं।
भविष्य के लिए जरूरी है पौधे
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत भेड़ाघाट के अध्यक्ष चतुर सिंह लोधी ने कहा जो आज पौधे हैं, वे कल पेड़ बनकर हमारी आने वाली पीढिय़ों के लिए प्राणवायु के वाहक बनेंगे। बच्चों से पौधे लगवाना यानि उनमें संस्कारों का बीजारोपण करना है। वे अब उत्साह के साथ इनकी देखरेख करेंगे। इस दौरान उपस्थित मातृशक्ति ने घर व आसपास के सुरक्षित स्थानों पर अपने बच्चों से पौधे लगवाने व उन्हें देखरेख के लिए प्रेरित करने की बात कही।
बच्चियोंं,शिक्षिकाओं ने लगाए पौधे
स्कूल परिसर में बच्चों, शिक्षिकाओं व प्रकृति प्रेमियों ने 11 अशोक के पौधे लगाए। बच्चों ने अपनी कक्षा व अपना नाम देकर उनकी देखरेख का जिम्मा लिया। पौधों संरक्षण के लिए मौके पर ही बांस आदि से उन्हें सुरक्षित किया गया। बच्चों को टॉफियां बांटी गई। इस अवसर पर मंजू ठाकुर, राजकुमारी, स्वाति भूमिया, रेखा झारिया, सरस्वती बाई, सरोज लता, सुनील नेमा, सुलभा जैन, ऊषा श्रीपाल, सपना बर्मन, ज्योति विश्वकर्मा, सपना आदिवासी व स्कूल के बच्चे बच्चियां उपस्थित रहे।