
hospital
जबलपुर। आयुष्मान योजना के हितग्राही से आगा चौक स्थित लाइफ मेडिसिटी हॉस्पिटल प्रबंधन ने 50 हजार रुपए की अतिरिक्त मांग की। मरीज के परिजन द्वारा केयर वाय कलेक्टर में शिकायत की। जिसमें कहा गया कि अस्पताल द्वारा आयुष्मान कार्ड से ली गई राशि के अतिरिक्त राशि की मांग की जा रही है और गंभीर हालत में भी उसके ब्रेन ट्यूमर का इलाज शुरू नहीं किया जा रहा है। जिसके बाद कलेक्टर कर्मवीर शर्मा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की। जांच के बाद अस्पताल पर आयुष्मान योजना के तहत अतिरिक्त राशि की मांग करना पाया गया। अस्पताल प्रबंधन को हिदायत दी गई। जिसके बाद मरीज के ब्रेन ट्यूमर की सर्जरी हुई।
कांचघर चौक निवासी श्याम कुमार हवेल के छोटे भाई रवि कुमार को आयुष्मान योजना के तहत इलाज के लिए आगा चौक स्थित लाइफ मेडिसिटी हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। आयुष्मान योजना के तहत 75 हजार रुपए के पैकेज में ऑपरेशन करना तय किया गया था। इसके बाद अस्पताल के द्वारा 1 लाख रुपए की मांग की गई। शिकायतकर्ता का कहना था कि वह पहले ही 50 हजार रुपए जमा कर चुका है। जिसकी पावती नहीं मिली। शिकायत में हितग्राही ने अस्पताल प्रबंधन के डॉ. मुकेश श्रीवास्तव पर 50 हजार रुपए जमा करने प्रताडि़त करने का भी आरोप लगाया। जिसके बाद उसने केयर वाय कलेक्टर को शिकायत की। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा को केयर वाय कलेक्टर के नंबर पर अस्पताल द्वारा आयुष्मान कार्ड के बाद भी रुपए मांगे जाने की शिकायत मिली। कलेक्टर ने सीएमएचओ डॉ. रत्नेश कुरारिया को जांच के निर्देश दिए। जिसके बाद नोडल अधिकारी डॉ. विभोर हजारी, डीपीएम डॉ. विजय पांडे ने अस्पताल पहुंच कर जांच की। आयुष्मान योजना के दस्तावेजों को खंगाला। इसकी जानकारी कलेक्टर कर्मवीर शर्मा को दी। कलेक्टर शर्मा ने मरीज का ऑपरेशन आयुष्मान योजना के तहत नि:शुल्क करने के निर्देश दिए। जिसके बाद मरीज का ऑपरेशन नि:शुल्क हुआ। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग को अस्पताल के खिलाफ जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ऑपरेशन होने के बाद मरीज ने राहत की सांस ली।
Updated on:
11 Dec 2020 09:04 pm
Published on:
11 Dec 2020 09:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
