जबलपुर

दुनिया का सबसे महंगा आम, 21 हजार का एक आम, नाम है ‘ताईयो नो तमागो’

worlds most expensive mango: 900 ग्राम तक होता है एक आम का वजन। कीमती होने के कारण 24 पहरे में रहते हैं आम के पेड़...।

2 min read
Jun 15, 2021
जबलपुर। नर्मदा किनारे बसे गांव में लगे जापानी आम। एक आम की कीमत 21 हजार रुपए तक लगाई गई।

प्रभाकर मिश्रा

जबलपुर। नर्मदा किनारे बसे जबलपुर शहर से सटे डगडगा हिनौता के एक बगीचे में जापानी किस्म के आम 'ताईयो नो तमागो' की महक मुंबई तक पहुंच रही है। वहां के कुछ आम कारोबारी इस आम के लिए 21 हजार रुपए प्रति नग तक की बोली लगा चुके हैं। एक आम का वज़न करीब 900 ग्राम तक होता है। हालांकि, बगीचे के मालिक संकल्प सिंह परिहार ने इस सीजन में भी आम बेचने से मना कर दिया है।

जबलपुर के चरगवां मार्ग पर डगडगा हिनौता में संकल्प सिंह परिहार के बगीचे में लगे 'ताईयो नो तमागो' (taiyo no tamago) आम पेड़ में पकने के बाद ही तोड़े जाते हैं। इस बार इस खास किस्म के आम को पकने में लगभग एक महीने का समय लगेगा। बगीचे में 54 पौधे हैं। इनकी अभी कलम की गई है। इसके कारण चार पेड़ों में तकरीबन 40 फल आए हैं। पिछले साल 50 के लगभग फल लगे थे। सख्त सुरक्षा पहरे के बावजूद इनमें से 14 के लगभग फल चोरी हो गए थे। बचे हुए फल उन्होंने परिवार के लोगों में बांट दिए थे।

पकने पर दिखते हैं सुनहरे

'ताईयो नो तमागो' आम का रंग कच्चा रहने तक लाल माणिक नजर आता है। पक जाने के बाद रंग सुनहरा हो जाता है। पेड़ में लगे ये आम लोगों को बहुत ही लुभाते हैं। इस आम में खुशबू व मिठास ज्यादा होती है।

500 पेड़ तैयार करने का लक्ष्य

आम की खेती करने वाले संकल्प ने बताया कि उनका लक्ष्य अपने बगीचे में 'ताईयो नो तमागो' किस्म के 500 पेड़ तैयार करने का है। इसके बाद ही बाकी किस्म के आम की तरह वे 'ताईयो नो तमागो' किस्म के आम बाजार में बेचेंगे। उनके बगीचे में 6 विदेशी किस्मों के आम लगे हैं। फिलहाल वे 12 एकड़ में आम की खेती कर रहे हैं।

Published on:
15 Jun 2021 06:56 am
Also Read
View All

अगली खबर