Weather Update : नौतपा में तेज गर्मी पड़ने की संभावना नहीं, बन रहे बारिश के आसार
जबलपुर. नौतपा इस बार दूसरे दिन भी नहीं तपा। शुक्रवार को पूरे दिन बादल और सूरज के बीच लुकाछिपी चली। इसके चलते अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे रहा। मौसम में फिर से बदलाव की आहट है। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो दिनों में जबलपुर जिले में कहीं कहीं तेज हवा के साथ वर्षा हो सकती है। नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से नौतपा में जोरदार गर्मी पड़ने की सम्भावना नहीं के बराबर है।
मई में नहीं पड़ेगी जोरदार गर्मी
मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। दक्षिणी उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल तक द्रोणिका जा रही है। दक्षिण-पश्चिम मप्र से विदर्भ होते हुए दक्षिण कर्नाटक तक एक अन्य द्रोणिका जा रही है। इसकी वजह से अरब सागर से आ रही नमी का असर अब कई राज्यों में दिख रहा है। जम्मू कश्मीर में मजबूत पश्चिम विक्षोभ की सम्भावना है। इसके चलते 30 मई तक गर्मी का असर देखने को नहीं मिलेगा। मई के अंतिम दिनों में मौसम में ठंडक बने रहने की सम्भावना है। मप्र के कई जिलों में आगामी 48 घंटे तक बारिश का अलर्ट जारी कियागया है।
दिन-रात का पारा गिरा
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिन और रात के तापमान में गुरुवार की अपेक्षा गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री दर्ज हुआ। गुरुवार को यह 39.3 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान भी शुक्रवार को गिरकर 27.2 डिग्री हो गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया था। बादलों के साथ नौ किमी की रफ्तार से चली हवा ने पारे पर लगाम लगाई।