
CG Election 2023: 3 सीटों में जीत का अंतर ढाई हजार में सिमट कर रह गया
जगदलपुर। CG News: बस्तर संभाग में वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में तीन सीटों में भाजपा व कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर रही। इनमें से दो सीट पर पंजा आगे रहा तो एक पर कमल खिला। इन तीन जगह में कोंडागांव में यह अंतर सिर्फ 1 हजार 796 ही था। यहां कांग्रेस प्रत्याशी मोहन मरकाम ने भाजपा की लता उसेंडी को कांटे की टक्कर में परास्त किया।
इसके अलावा बस्तर विधानसभा सीट में भाजपा के डा सुभाऊ कश्यप ने लखेश्वर बघेल को सर्वा धिक 33 हजार 471 के बड़े अंतर से हराया। हार जीत का कम अंतर नारायणपुर व दंतेवाड़ा में भी देखने को मिला। इनमें दंतेवाड़ा में भीमा मंडावी ने देवती कर्मा को 2हजार 172 मत से परास्त किया। इतने ही कम अंतर से नारायणपुर सीट पर चंदन कश्यप अपने प्रतिद्वंदी केदार कश्यप से सिर्फ 2 हजार 647 मतों से आगे रहकर विजयी रहे।
नहीं चढ़ रहा चुनाव का बुखार
बस्तर में लोकतंत्र के इस पर्व पर सभी गतिविधियां थम जाती थीं। महीनेभर तक लोग चुनाव के बुखार से पीड़ित रहते थे। इस मर्तबे माहौल ठंडा नजर आ रहा है। ऐसा नहीं कि मतदाता बल्कि प्रत्याशी भी प्रचार-प्रसार से ऐसा परहेज बरतते चल रहे हैं जैसे वे सिर्फ औपचारिकता निभाने मैदान में हैं। संभाग मुख्यालय जगदलपुर में भी चुनावी शोर-गुल परवान नहीं चढ़ पा रहा है। प्रत्याशी व उनके समर्थकों का जनसंपर्क नवरात्र के पंडाल व मंदिर में माथा टेकते तक ही नजर आए। जबकि बस्तर के 12 विधानसभाओं में जगदलपुर ही एकमात्र सामान्य वर्ग की सीट है। संभाग में सर्वाधिक वोटर व संभाग को प्रभावित करने वाले मुद्दे ही दोनों ही जगदलपुर के इर्द-गिर्द तय होते हैं। यहां भाजपा व कांग्रेस ने नए प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है।
देखा जाए तो 2023 में नारायणपुर में एक बार फिर दोनों ही पार्टियों ने अपने कैंडिडेट दोहरा दिए हैं। यहां भाजपा ने केदार कश्यप तो कांग्रेस ने चंदन पर भरोसा जताया है। कोंडागांव में कांग्रेस ने मोहन मरकाम व भाजपा ने लता उसेंडी पर दांव खेला है। माना जा रहा है कि दोनों ही पार्टियां इस वोटों के इस कम अंतर के हार जीत को पलट देने का फार्मूला लेकर ऐसा कदम उठा रही हैं।
इसके ठीक विपरीत दंतेवाड़ा सीट जहां जीत का अंतर कम था वहां पर कांग्रेस ने देवती कर्मा को परे करते हुए भी उसी परिवार से छबिंद्र को उम्मीदवार बना दिया है। भाजपा ने भीमा मंडावी की पत्नी ओजस्वी को हाशिए पर ला दिया। ओजस्वी व उसके समर्थकों ने इस कदम पर नाराजगी भी जाहिर कर दी है।
Published on:
25 Oct 2023 05:38 pm
बड़ी खबरें
View Allजगदलपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
